पाकुड़ में सरेआम बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

वहीं, गोली लगने से घायल मानवेल मुर्मू को आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज करने के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे दुमका रेफर कर दिया।

मामला अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के कोलखीपाड़ा-बास्कन्द्री का है। बताया जा रहा है कि युवक को आपसी रंजिश में बदमाशों ने गोली मारी है।

ग्रामीणों के अनुसार, मानवेल मुर्मू अमड़ापाड़ा से सब्जी बेच कर वापस अपने घर बास्कन्द्री जा रहा था। इसी क्रम में जब वह तालाब के समीप पहुंचा तो पहले से घात लगाए अपराधियों से मानवेल मुर्मू की झड़प हुई।

इसके बाद बदमाशों ने मानवेल मुर्मू पर ताबड़तोड़ दो गोलियां चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

वहीं, गोली मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल अवस्था में ही मानवेल मुर्मू किसी तरह बास्कन्द्री गांव पहुंचा और लोगों को इस घटना की जानकारी दी। 

वहीं, इस मामले को लेकर थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने कहा कि प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश का मामला लग रहा है। अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

थाना प्रभारी ने कहा कि अमड़ापाड़ा और महेशपुर पुलिस दोनों तेजी से मामले की जांच में जुटी हुई है।