राजस्थान के डूंगरपुर राजपरिवार के महारावल महिपाल सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। बीमारी की वजह से वे पिछले कुछ समय से गुजरात के बड़ौदा अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें शुक्रवार देर रात को डूंगरपुर उदय विलास पैलेस लाया गया। जहां पैलेस में उन्होंने अंतिम सांस ली। पूर्व महारावल के निधन की खबर सुनकर राजपूत समाज, डूंगरपुर शहर और तमाम लोगों में शौक की लहर सी छा गई। शनिवार दोपहर तीन बजे पैलेस में राजघराने की रस्में पूरी करने के बाद अंतिम यात्रा सुरपुर राजघाट के लिए निकाली गयी। जहां उनकी अंतिम क्रिया की गयी।

जानकारी के अनुसार महारावल महिपाल सिंह का पिछले कई दिनों से बीमार होने के कारण गुजरात के बड़ौदा अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी सेहत में मामूली सा सुधार होने के बाद शुक्रवार को वापस डूंगरपुर उदय विलास पैलेस लाया गया था। शुक्रवार देर रात महारावल महिपाल सिंह ने पैलेस में आखिरी सांस ली। सूचना पाकर पूर्व रियासत के ठाकुर और राजपूत समाज समेत शहर के कई प्रबुद्धजन, स्थानीय राजनेता और उनसे जुड़े लोगो का पैलेस पहुंचना शुरू हो गया। लोगों ने पैलेस पहुंच निधन पर शोक जताया।

शहर के उदयविलास पैलेस से महारावल की अंतिम यात्रा निकाली गई। महारावल सिंह की यात्रा जहां से गुजरी वहां शहरवासियों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। वहीं, व्यवसायियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखें। महिपाल सिंह क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी और राज क्रिकेट क्लब डूंगरपुर के अध्यक्ष भी रह चुके थे। महारावल महिपाल सिंह के निधन के बाद पूर्व राज्य सभा सांसद हर्षवर्धनसिंह महारावल बने। उनका परंपरानुसार माथुगामडा के गमेती परिवार ने राजतिलक किया और केसरिया पाग धारण कराई।