देश में आज 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर देश के स्कूल, कॉलेज, सरकारी संस्थानों से लेकर राजनीतिक पार्टियों के दफ्तरों तक विभिन्न जगहों पर तिरंगा फहराया जा रहा है। महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय में तिरंगा झंडा फहराया गया।  

आरएसएस नागपुर महानगर संघचालक राजेश लोया और वरिष्ठ प्रचारक रामभाऊ बोंडाले ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक और प्रचारक उपस्थित थे।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत बेंगलुरु में हैं, जहां उन्होंने सुबह एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

आरएसएस ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रेशिमबाग इलाके में डॉ हेडगेवार स्मारक समिति में एक कार्यक्रम का आयोजन किया है। शाम 5 बजे स्वयंसेवक शहर के विभिन्न हिस्सों में पथ संचलन भी करेंगे।