जयपुर | बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देवनहल्ली विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर जिला, बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर भाजपा की प्रचंड जीत का मंत्र दिया और कहा कि कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रचंड बहुमत की भाजपा की डबल इंजन सरकार बनेगी।इस दौरान जेपी नड्डा के साथ कर्नाटक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कटील, राजस्थान विधानसभा उपनेता प्रतिपक्ष डॉ. सतीश पूनिया, भाजपा बेंगलुरु देहात के जिला अध्यक्ष एवी नारायण स्वामी इत्यादि मौजूद रहे, जहां कार्यकर्ताओं और आमजन द्वारा इनका विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत अभिनंदन किया गया।

डॉ. सतीश पूनिया और केंद्रीय मंत्री देवुसिंह चौहान ने दोडबल्लापुर में क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान श्री घाटी सुब्रमण्यम मंदिर में दिव्य दर्शन कर देशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। साथ ही राष्ट्रोथान गौशाला पहुंचकर गौ माता के दर्शन कर गौ सेवा की। वहीं, दोडबल्लापुर क्षेत्र में सतीश पूनिया, तमिलनाडु भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई और केन्द्रीय मंत्री देवुसिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी धीरज मुनिराज के समर्थन में सभा को संबोधित कर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की और कार्यकर्ताओं को घर-घर जनसंपर्क का आह्वान करते हुए कर्नाटक में भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजय बनाने का संकल्प लिया।