उज्जैन में अवैध रूप से संचालित बूचड़खानों पर उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के दिशा-निर्देशन में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन द्वारा बेगमबाग क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित होने वाले बूचड़खानों पर प्रभावी कार्रवाई की गई। बता दें कि कार्रवाई के दौरान सात बूचड़खानों से 60 से अधिक संख्या में जानवरों को जब्त किया गया। जहां से लगभग एक क्विंटल से अधिक कटा हुआ मांस जो की फ्रीजर में रखा हुआ था, उसे भी सील किया गया। साथ ही उपकरणों को भी जब्त किया गया।

इसमें तराजू, बांट और कटर मशीन थी। कार्रवाई में 40 से अधिक निगम के अमला एवं 30 से अधिक पुलिस के जवान और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कार्रवाई की गई। कार्रवाई में नगर निगम के उपायुक्त संजेश गुप्ता, पुलिस प्रशासन से सीएसपी ओमप्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में महाकाल चौराहा, बेगमबाग, कोट मोहल्ला, खंदार मोहल्ला क्षेत्र में कार्रवाई की गई। सीएसपी मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर सिंह और पुलिस अधीक्षक शर्मा के निर्देशन में बेगमबाग क्षेत्र में सात स्थानों पर कार्रवाई कर 50 से अधिक पशुओं और एक क्विंटल मांस जब्त किया गया।