झारखंड में गर्मी का प्रकोप जारी है। जून के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के बाद भी धनबाद जिले के लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत नहीं मिली है शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। सुबह से ही निकल रही तीखी धूप के बाद शाम और रात को ही लोगों को भी राहत नहीं मिल रही है। रात में भी लू जैसे हालात बन रहे हैं। हालांकि, शनिवार को दिन में उमस भरी गर्मी के बाद दोपहर बाद से मौसम ने रंग बदला। हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे प्रचंड गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। पूरे राज्य में गर्मी चरम पर है। शनिवार को गोड्डा में सबसे अधिक तापमान 46.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं देवघर व पलामू में अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 20 जून से मौसम में बदलाव की संभावना है। 20 के बाद गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है। तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आने की संभावना जताई गई है। धनबाद जिले में लू की वजह से एक आरक्षी समेत दो लोगों की मौत की सूचना है।

19 से 22 जून के बीच दस्तक देगा मानसून

अरब सागर में आए समुद्री तूफान की वजह से प्रभावित मानसून बंगाल में मालदा और बिहार में फारबिसगंज तक पहुंच चुका है। राज्य में 19 से 22 जून के बीच मानसून के आगमन भी संभावना जताई जा रही है। मानसून के आगमन के बाद वर्षा की स्थिति सामान्य रहने का अनुमान है। झमाझम बारिश जुलाई से शुरू होने की संभावना है।