झारखंड में भीषण गर्मी और हीटवेव के थपेड़ों से आमजनों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। राहत की बात यह है कि झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां जल्द शुरू होने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार दो दिनों बाद राज्यवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। पूर्वानुमान में बताया गया है कि झारखंड में 12 जून से प्री-मानसून की वर्षा शुरू हो जाएगी। इस दौरान राज्य के उत्तरी पूर्वी और मध्यम भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है। वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि सामान्य तौर पर केरल में दस्तक देने के बाद 10 से 12 दिनों में मानसून झारखंड पहुंचता है। ऐसे में 18 से 20 जून तक मानसून के झारखंड पहुंचने की संभावना है।

किसानों की बढ़ी परेशानी

मानसून की लेटलतीफी ने आमजनों के साथ साथ किसानों की आफत भी बढ़ा दी है। राज्यवासियों को मानसून की फुहारों के लिए 18 से 20 जून तक का इंतजार करना होगा। मौजूदा स्थिति को देखते हुए झारखंड में मानसून के 18 से 20 जून तक पहुंचने का अनुमान है।