केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने चंडीगढ़ के पूर्व एसएसपी और जालंधर के कमिश्नर ऑफ पुलिस (सीपी) कुलदीप सिंह चहल से शुक्रवार को आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामले में चंडीगढ़ में करीब एक घंटा पूछताछ की। सीबीआई ने उन्हें कुछ दिन पहले समन जारी किया था। सुबह करीब 11 बजे चहल सेक्टर-30 में सीबीआइ दफ्तर पहुंचे।

आय से जुड़े सवाल-जवाब हुए

सीबीआई डीएसपी क्राइम ब्रांच ने उनसे आय से अधिक संपत्ति को लेकर करीब एक घंटा पूछताछ की। उनसे पिछले कुछ वर्षों की आय-व्यय से जुड़े सवाल-जवाब हुए। सूत्रों के अनुसार उन्होंने आय से ज्यादा खर्च किया है। एजेंसी ने चहल का पिछले कुछ वर्षों का आय व व्यय का आकड़ा जुटाया था। चहल ने कई बातों की जानकारी होने से इन्कार किया। सीबीआई अधिकारी मामले में कुछ भी जानकारी देने से बच रहे हैं। सूत्रों के अनुसार चहल के चंडीगढ़ में एसएसपी रहते उनके व कुछ अधिकारियों के खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में आय को लेकर अज्ञात शिकायत की गई थी। इस पर हाई कोर्ट ने सीबीआइ को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा था।

प्रशासक के आदेश पर हुई थी कैडर में वापसी

चंडीगढ़ में तीन साल का कार्यकाल पूरा होने से 10 महीने पहले ही चहल को चंडीगढ़ से रिपेट्रिएट (कैडर वापसी) कर दिया गया था। इसके पीछे उनके कदाचार को कारण बताया गया था। चंडीगढ़ के प्रशासक बीएल पुरोहित ने उन्हें तुरंत रिलीव करने के आदेश जारी किए थे। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र जारी कर कहा था कि चहल के खिलाफ गंभीर शिकायत आई थी। सूत्रों के अनुसार माल में फूड कोर्ट खाली करवाने और एक यौन शोषण मामले में एफआइआर दर्ज न करने के मामले में चहल की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही थी।