जयपुर के कानोता इलाके में देर रात टैंट गोदाम में आग लग गई। घटना जामडोली के पास की है। आग से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग बुझाने का काम शुरू किया गया। रात 1 बजे लगी आग पर सुबह करीब 7 बजे काबू पाया गया। इस दौरान 12 से ज्यादा दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। इस दौरान गोदाम में रखे दो सिलेंडर भी फट गए।

स्थानीय निवासी विकास मीणा ने बताया- रात करीब 1 बजे कॉलोनी में स्थित टैंक गोदाम में आग लगी। जानकारी मिलने पर पुलिस और दमकल को जानकारी दी गई। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचती। उससे पहले गोदाम में रखे गैंस सिलेंडर एक के बाद एक फट गए।

गोदाम का सारा सामान जलकर हुआ राख
सिलेंडर फटने की जानकारी दमकल को दी गई। इसके बाद उन्हें भी आग को कंट्रोल करने में समय लगा। क्योंकि किसी को पता नहीं था कि गोदाम में और कितने सिलेंडर पड़े हैं। टैंक गोदाम के कर्मचारी के मौके पर आने पर पता चला की गोदाम में केवल दो ही सिलेंडर हैं। इसके बाद दमकल ने आग पर कंट्रोल करना शुरू किया। जानकारी के अनुसार आग से गोदाम में रखा हुआ पूरा सामान जल कर राख हो गया। आग से लाखों रुपए के नुकसान की बात सामने आई हैं.