प्रयागराज। कटरा में एक नवविवाहिता ने जहर खाकर जान दे दी। मायके वालों का आरोप है कि उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

चार महीने पहले हुआ था व‍िवाह 

शिवकुटी में काटजू कालोनी निवासी रविशंकर पांडेय की सबसे छोटी बेटी 28 वर्षीय आकांक्षा का विवाह चार महीने पहले कटरा कर्नलगंज निवासी शुभम त्रिपाठी से क‍िया गया था। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हालत बिगड़ने पर आकांक्षा को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई।

डॉक्‍टरों ने बताया मौत का कारण

डॉक्टरों ने बताया कि मौत का कारण जहर खाना है। बुधवार को पोस्टमार्टस हाउस में भाई अखिल ने बताया कि कुछ दिन पहले आकांक्षा को बीएड की परीक्षा दिलाने कानपुर ले जाया गया था। तब उसने बताया था कि उसे दहेज में पैसे और दूसरे सामान लाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। मंगलवार दोपहर जहर खाने से पहले भी आकांक्षा ने फोन पर भाई अखिल से कहा कि अब उसका जीना मुश्किल हो गया है। मगर उसने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया था कि वह आत्मघाती कदम उठाने जा रही है। अखिल ने ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।

पारिवारिक झगड़े के बाद युवक ने दी जान

कीडगंज की इंद्रपुरी कालोनी में रहने वाले निजी सफाई कर्मचारी 28 वर्षीय विशाल कुमार ने मंगलवार रात फंदे से लटक जान दे दी। वह पत्नी बेटों के साथ अलग कच्चे मकान में रहता था। उसकी मां सोनू देवी भी एलआइसी में सफाई कर्मचारी है। बताया गया कि पारिवारिक झगड़े के बाद विशाल ने ऐसा किया।