झारखंड में इस वर्ष भी जुलाई माह में मानसून ने दगा दे दी है। इससे खेती पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है। कुछ इलाकों में इन दिनों मौसम की मिजाज बदल चुका है। दिन में तेज धूप व गर्मी के साथ रात में ओस भी पड़ रही है। राजधानी की बात की जाए तो आज रांची में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हालांकि, कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। इस बीच अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

उमड़ घुमड़ रहे बादल, लेकिन नहीं हो रही वर्षा

गढ़वा जिले में विगत 10 दिनों से वर्षा नहीं हो रही है। आसमान में बादल उमड़-घुमड़ रहे हैं, लेकिन वर्षा नहीं हो रही है। हालांकि 23 जुलाई की देर शाम को जिले के कुछेक क्षेत्रों में हल्की फुहारें जरुर पड़ी थी, लेकिन इतनी वर्षा से खेती को बहुत लाभ नहीं होगा। इस माह में अब तक 124.5 मिमी ही वर्षा हुई है, जबकि जिले में जुलाई माह में सामान्य वर्षापात 362.4 मिमी है।

चाईबासा में आज का मौसम

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में आज (मंगलवार) को दिन में आसमान में बादल छाये रह सकते हैं। शाम के समय तेज वर्षा की भी संभावना है।

पलामू में आज का मौसम

पलामू ,गढ़वा व लातेहार में उमस भरी गर्मी कायम है। इससे जनता परेशान है। सोमवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले कई दिनों तक हल्की वर्षा के साथ मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।

चतरा में आज का मौसम

चतरा में मंगलवार को वर्षा की संभावना कम है। दोपहर तक आसमान साफ रहेगा और तेज धूप रहेगी। दो बजे के बाद आसमान में बादल छाने लगेंगे। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

कोडरमा में आज का मौसम

आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।