पाली में मासूम बच्चे राजदीप सिंह को क्या मालूम था कि वह गर्मी की छुट्टियां मनाने ननिहाल तो जा रहा है, लेकिन वहां से वापस अपने घर नहीं लौटेगा। राजेन्द्र नगर निवासी राहुल सिंह राजपुरोहित का 10 वर्षीय पुत्र राजदीप सिंह राजपुरोहित पाली के पास निम्बली उड़ा गांव में अपने ननिहाल में समर वेकेशंस मनाने आया हुआ था। ननिहाल में खेलते समय वह अचानक घर में बने पानी के टैंक में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

कुछ देर बाद जब घरवालों को राजदीप की हलचल नहीं सुनाई दी और वह नजर नहीं आया, तो सब परिजन उसे ढूंढने लगे। तब उन्हें उसके पानी के टैंक में बच्चे की लाश तैरती दिखी। तो हड़कंप और शोर मच गया। घर में मौजूद परिवार के सदस्यों ने बिना समय गंवाए उसे पानी के टैंक से बाहर निकाला और बांगड़ अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टर्स ने उनके लाडले को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। तो वहीं परिजनों में विलाप की चीख-पुकार और कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टम\र्टम के बाद पुलिस शव को परिजनों को सौंपेगी। 10 वर्षीय राजदीप सिंह राजपुरोहित की मौत के बाद उसके ननिहाल और घर दोनों जगह पर मातम पसरा है। उसके माता-पिता को अभी भी यह विश्वास नहीं हो रहा है कि उनकी आंखों का लाडला बेटा उन्हें हमेशा के लिए छोड़कर इस दुनिया से चला गया है। बेटे की मौत से पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।