लखनऊ। राजेंद्र नगर पाश कालोनी में व्यवसायी उनकी पत्नी को बंधक बनाकर अधमरा करने वाले बदमाशों का पुलिस अभी सुराग नहीं लगा पाई थी। इस बीच बुधवार दोपहर सर्वोदनगर शक्तिनगर एफएम अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में घुसे तीन बदमाशों ने 55 वर्षीय नफीस फातिमा की गला घोंटकर हत्या कर दी। बदमाश वृद्धा के घर से नकदी समेत लाखों के जेवर लूट ले गए। डीसीपी उत्तरी कासिम आब्दी समेत अन्य अफसरों और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया।

पुलिस ने बदमाशों की सीसी फुटेज बरामद कर ली है। बिजली विभाग में ठेकेदारी करने वाले वसीम खान शक्तिनगर एमएफ अपार्टमेंट के चौथे तल पर फ्लैट संख्या 404 में रहते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर करीब पौने एक बजे वह नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गए थे। इस बीच पत्नी नफीस फातिमा घर पर थीं। पत्नी बीमार रहती थीं। उनकी शुगर बढ़ी थी। एक निजी पैथालाजी को फोन कर पत्नी की शुगर का परीक्षण कराने के लिए कहा था।

वसीम खान ने बताया कि वह मस्जिद में थे तभी पैथालाजी का कर्मचारी पत्नी की जांच करने के लिए पहुंचा। वह दरवाजे पर लगी घंटी लगातार बजा रहा था पर अंदर से कोई उत्तर नहीं मिला। कुछ देर बाद दरवाजा खुला अंदर से पहले एक युवक निकला। कर्मचारी ने पूछा कि क्या आंटी अंदर हैं? उसने उत्तर दिया हां। वह जैसे ही आगे बढ़ा तो अंदर से दो युवक और निकले उसने कर्मचारी को धक्का दिया और भाग निकले। अंदर घर में सारा सामान अस्त-व्यवस्त पड़ा था। कर्मचारी घबरा गया। उसने फोन कर सूचना दी।

वसीम ने बताया कि वह घर पहुंचे। अलमारी और और अटैचियां खुली पड़ी थी। पत्नी किचन में फर्श पर पड़ी थीं। उनका गला कसा था। पड़ोसियों की मदद से पत्नी को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां, डाक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। वसीम ने बताया कि बदमाश घर से लाखों के जेवर और नकदी भी लूट ले गए। अलमारी और ज्वैलरी के डब्बे खुले पड़े थे। घटना की जानकारी पुलिस को दी। इंस्पेक्टर गाजीपुर सुनील कुमार सिंह, एसीपी दिलीप कुमार सिंह और अन्य अफसर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

वृद्धा की अलमारी में रखे कुछ गहने सुरक्षित हैं। चालक पर बदमाशों की मिली भगत की आशंका है। इसकी पड़ताल की जा रही है। वसीम ने अभी यह नहीं बताया है कि कितनी ज्वैलरी और नकदी गई है। पैथालाजी वाले कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है। वसीम ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं। एक विदेश में और दूसरी डालीगंज में रहती है।

विरोध पर पीटा, घर में पैर पकड़कर घसीटा

विरोध पर तीनों बदमाशों ने नफीस फातिमा को जमकर पीटा, जिससे ड्राइंग रूम से लेकर किचन तक टेबल और अलमारियों में जो सामान लगा था वह गिर गया। सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। बदमाशों के नफीस फातिमा का संघर्ष हुआ। ड्राइंग रूम में इसके बदमाश उनके पैर पकड़कर खींचकर किचन में ले गए। वहीं, गला घोंटकर हत्या कर दी। वृद्धा के शरीर में कई जगह चोटों के निशान भी मिले हैं।

30-35 उम्र के थे बदमाश

इंस्पेक्टर के मुताबिक फुटेज में कैद बदमाश 30-35 की उम्र के दिख रहे। तीनों पैंट-शर्ट पहने सामान्य लंबाई के है। एक का चेहरा स्पष्ट दिख रहा है। दो अन्य के धुंधले हैं। यह फुटेज अपार्टमेंट से ही मिली है। गलियों और मुख्य मार्ग पर लगे सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, जिससे बदमाशों की फोटो स्पष्ट हो सके। यह भी देखा जा रहा है कि बदमाश किधर से आए थे।

500 मीटर दूरी पर चौकी, पुलिस नहीं करती गश्त

अपार्टमेंट और आस पास रहने वाले लोगों में आक्रोश है। लोगों के मुताबिक 500 मीटर दूरी पर लेखराज चौकी है। पुलिस मोहल्ले में गश्त नहीं करती है। दिन दहाड़े इतनी बड़ी घटना हो गई। पुलिस अगर गश्त करती तो बदमाशों में भय होता।