पूर्वी सिंहभूम में बारिश आफत बनकर आई। पिछले 12 घंटे में जमशेदपुर व आसपास के इलाकों से चार शव मिले। इसमें दो शव दो बरामद हो गए, लेकिन अन्य दो शव नदी की धार में बह गए। पुलिस यह जांच कर रही है कि नदी की धार में बहने वाला शव किसका है। जुगसलाई थाना की पुलिस ने पार्वती घाट खरकई नदी से शुक्रवार सुबह 38 वर्षीय एक युवक का शव स्थानीय लोगों की सूचना पर बरामद किया।

बीते कुछ दिनों से तनाव में था हेमंत

युवक की पहचान जुगसलाई नया बाजार निवासी हेमंत शर्मा के रूप में की गई जो 23 अगस्त से लापता था। इसकी सूचना जुगसलाई थाना में उसके भाई अनिल कुमार शर्मा ने दी थी। इससे पहले क्षेत्र में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के भतीजे केशव शर्मा ने बताया कि हेमंत पर कुछ ऋण था जिसकी वजह से कई दिनों से वे तनाव में रह रहे थे। 23 अगस्त की शाम को पत्नी से एक बार बात हुई थी और फिर उनका फोन बंद हो गया था।

घर से खाना खाकर निकलने के बाद नहीं लौटा

हेमंत शर्मा सेल्समैन का काम करता था और 23 अगस्त की दोपहर अपनी मोटरसाइकिल से दोपहर के वक्त खाना खाकर निकलने के बाद घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने इस संबंध में काफी खोजबीन की पर हेमंत का कहीं पता नहीं चल पाया था।

नदी में डूबे सात वर्षीय छात्र का शव मानगो से बरामद

कदमा शास्त्रीनगर ब्लाॅक नंबर पांच के पास खरकई नदी में डूबे सात वर्षीय स्कूली छात्र लक्ष्मण मछुआ का शव स्थानीय लोगों ने मानगो गौड बस्ती के पास स्वर्णरेखा नदी से शुक्रवार को बरामद किया है। छात्र लक्ष्मण कदमा जयप्रकाश नगर का रहने वाला था था। गुरुवार को नदी में डूब गया था। स्थानीय मछुआरों की मदद से खोजबीन की गई पर नहीं मिला। शुक्रवार को मानगो में लक्ष्मण का शव बरामद किया गया जिसकी पहचान स्वजन ने की।

मानगो में स्वर्णरेखा नदी में बह गए दो शव

मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र पोखारी नेताजी सुभाष स्कूल के पीछे स्वर्णरेखा नदी में शुक्रवार शाम शव देखे जाने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। नदी में पानी काफी बहाव था। शव को निकलवाने का प्रयास पुलिस ने किया, लेकिन शव पानी की धार में बह गया। एमजीएम थाना प्रभारी राजू ने बताया कि शव पानी में बह गया। पानी में काफी बहाव था। लोगों ने दो शव होने की जानकारी दी थी। पुलिस को एक ही शव नजर आया।