भारत में 2022 का दिसंबर पिछले 122 साल में सबसे गर्म रहा है। दिसंबर में देश में उच्चतम तापमान, न्यूनतम तापमान और औसत तापमान तीनों में ही जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग की रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिसंबर में इस तरह गर्मी में बढ़ोतरी असामान्य बात रही और मौसम में इस तरह के बदलाव का चलन डरावना हो सकता है मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर में औसत अधिकतम तापमान 27.32 डिग्री सेल्सियस, औसत न्यूनतम तापमान 15.65 डिग्री सेल्सियस और पूरे महीने का औसत तापमान 21.49 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से काफी ज्यादा है।

रिकॉर्ड्स के मुताबिक, इस दौरान सामान्यतः औसत अधिकतमत तापमान 26.53 डिग्री, न्यूनतम 14.44 डिग्री और महीने का औसत तापमान 20.49 डिग्री पर ठहर जाता है।यानी दिसंबर में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 0.79 डिग्री सेल्सियस, न्यूयनत तापमान, 1.21 डिग्री सेल्सियस और औसत तापमान 1.00 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहा। पूरे भारत में दिसंबर के दौरान औसत अधिकतम तापमान 2016 के बाद सबसे ज्यादा रहा। वहीं, औसत न्यूनतम तापमान 2008 के बाद रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

वहीं, दिसंबर के औसत तापमान की बात की जाए तो यह 122 साल के इतिहास में अपने सबसे उच्चतम स्तर पर रहा।जलवायु एक्सपर्ट्स और मौसम विज्ञानियों का मानना है कि दिसंबर में तापमान में इस बढ़ोतरी की वजह जलवायु परिवर्तन है, जो कि आने वाले समय में और बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है।
पूर्वी, पूर्वोत्तर और मध्य भारत में दिसंबर के दौरान तापमान में काफी ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई। पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में औसत अधिकतम तापमान 25.85 डिग्री सेल्सियस रहा और यह 122 साल में सबसे ज्यादा था।

दिसंबर में 12.37 डिग्री का औसत न्यूनतम तापमान इतिहास में तीसरा सबसे ज्यादा था। इससे पहले सिर्फ 2008 (12.70 डिग्री सेल्सियस) और 1958 (12.47 डिग्री सेल्सियस) में ही दिसंबर में न्यूनतम तापमान इससे ज्यादा रहा। इन क्षेत्रों में दिसंबर का औसत तापमान भी सबसे उच्च स्तर 19.11 डिग्री सेल्सियस पर रहा।वहीं, मध्य भारत में औसत अधिकतम तापमान इतिहास के छठवें सबसे ऊंचे स्तर पर रहा। यह 29.49 डिग्री पर दर्ज किया गया। वहीं, दिसंबर का औसत न्यूनतम तापमान 1967 के 16.50 डिग्री सेल्सियस के बाद 2022 में दूसरे सबसे ऊंचे स्तर 15.88 डिग्री सेल्सियस पर रहा। इस क्षेत्र में भी पूरे महीने का औसत तपामान इतिहास में सबसे ऊंचे स्तर 22.69 डिग्री सेल्सियस पर रहा।