पठानकोट जिले में भारतीय वायु सेना (IAF) की एक महिला अधिकारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला अधिकारी के साथ मारपीट उनके आधिकारिक आवास पर की गई। मारपीट का आरोप मेस के कर्मचारी पर लगा है। महिला अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपित की पहचान माखन सिंह के रूप में हुई है। वह सोमवार की रात चोरी के इरादे से अधिकारी के घर में घुसा था। अधिकारी अपने कमरे में सो रहीं थीं और इसी दौरान उन्होंने शोर सुना। वहीं, माखन सिंह ने स्क्वाड्रन लीडर पर चाकू से हमला कर दिया। महिला अधिकारी को गंभीर चोटें आई हैं।

CCTV की मदद से आरोपित गिरफ्तार

पठानकोट के पुलिस अधीक्षक हककमलप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपित को सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि घटना के वक्त महिला अधिकारी घर में अकेली थीं।

पीड़िता के घर के पास ही रहता है आरोपित

उन्होंने कहा कि महिला को हरियाणा के चंडीमंदिर में सेना के कमांड अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। एसपी ने कहा कि आरोपित को पकड़ लिया गया है और उस पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपित पीड़िता के घर के पास ही रहता है।