खलारी के राय रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात एक मुस्लिम लड़के के साथ हिंदू लड़की मिली। हिंदू संगठनों के लोग इसे लव जिहाद से जोड़कर देख रहे हैं। रात में ही हिंदू संगठनों के कई कार्यकर्ता राय स्टेशन पहुंच गए और दोनों से पूछताछ की। खलारी थाना प्रभारी पुनि फरीद आलम ने बताया कि आरपीएफ की सूचना पर खलारी थाना के पुअनि के साथ गश्ती दल राय स्टेशन से लड़का, लड़की को थाने ले आया।

लड़की बालिग और लड़का है नाबालिग

पूछताछ में दोनों ने बताया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से दोनों की दोस्ती हुई। लड़की आरती, लोहरा जाति की है तथा शकरपुर, गुमला की है। इंटर की पढ़ाई के बाद चांदनी चौक, कांके में काम कर रही थी। लड़का जुनैद अंसारी, मुस्लिम है। कांडी, गढ़वा का रहने वाला है तथा वर्तमान में जमशेदपुर में मैट्रिक की पढ़ाई कर रहा है। पहचान पत्र के अनुसार लड़की बालिग तथा लड़का नाबालिग है।

दोनों के घरवाले पहुंचे पुलिस स्‍टेशन

इंस्टाग्राम में दोस्ती के बाद दोनों ने एक-दूसरे से मिलना चाहा। लड़का जमशेदपुर से रांची आ गया। मिलने के बाद दोनों ट्रेन से रांची से राय स्टेशन में उतर गए। दोनों ने पुलिस से कहा कि वे अपने-अपने घर जाना चाहते हैं। दोनों के अभिभावकों को पुलिस द्वारा सूचना दे दी गई। बुधवार की शाम दोनों के माता-पिता खलारी थाना पहुंचे। आवश्यक औपचारिकता पूरी कर लड़का-लड़की को उनके माता-पिता को सौंप दिया गया।

हिंदू लड़की को भगा ले जा रहा था मुस्लिम युवक

विनोद बजरंग दल जिला ग्रामीण संयोजक विनोद विश्वकर्मा ने वाट्सएप पर एक बयान जारी कर कहा है कि एक मुस्लिम लड़का अपनी गंदी मानसिकता के साथ एक हिंदू लड़की को भगाकर ले जा रहा था। इसकी भनक 18 जुलाई शाम को उस वक्त लगी, जब दोनों सीसीएल के बचरा पंचवटी गेस्ट हाउस में रूम लेने गए। लेकिन, बजरंग दल कार्यकर्ताओं के पहुंचने से पहले वे वहां से निकल चुके थे। बजरंगदल कार्यकर्ता लड़का-लड़की का पता लगाने में प्रयासरत रहे। रात्रि नौ बजे दोनों को राय स्टेशन पर पकड़ा गया और रेलवे पुलिस को सौंपा गया। उनके परिवारवालों को सूचना दे दी गई। विनोद ने कहा कि यह लव जिहाद का मामला था। इस पूरे मामले में सक्रियता दिखाने वाले बजरंग दल कार्यकर्ताओं में मुकेश राणा, दीपक केसरी, शंकर सिंह, चेरो लक्ष्मण मंडल, राजकुमार, नवीन साव, मुकेश कुमार, विक्की कुमार, राहुल कुमार आदि शामिल थे।