राजस्थान में कांग्रेस संगठन में खाली चल रहे पदों पर गहलोत-पायलट खेमे के बीच फंसा पेच नहीं सुलझ पा रहा है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने जिलाध्यक्ष और प्रदेश सचिवों की नियुक्ति के लिए जो लिस्ट कांग्रेस आलाकमान को पिछले सप्ताह भेजी थी, उसे हाईकमान ने आपत्ति जताते हुए वापस लौटा दिया और संशोधन करने के लिए निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस हाईकमान की ओर से लिस्ट लौट आए जाने पर संशोधन के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने दिल्ली में बैठक की और मंगलवार को सुबह से दोपहर तक दिन भर कड़ी मशक्कत की।

विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में नाराजगी

राजस्थान में विधानसभा चुनाव नवंबर में प्रस्तावित हैं, लेकिन कांग्रेस संगठन अब तक खड़ा नहीं हो पा रहा है। करीब 27 से 29 जिलाध्यक्षों के पद खाली चल रहे हैं। जबकि प्रदेश सचिवों की पिछले दिनों जारी की गई सूची रोक दी गई है। जिन नेताओं के नाम रोके गए, उनमें भारी नाराजगी भीतरखाने चल रही है। प्रभारी रंधावा और पीसीसी चीफ डोटासरा ने पिछले सप्ताह संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से लंबी चर्चा करने के बाद ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जिलाध्यक्ष और प्रदेश सचिवों के नामों की सूची सौंपी थी। जिस पर हाईकमान ने ही आपत्ति जता दी। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी तक पहुंची शिकायतों के बाद उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे से बातचीत कर सूचियों में संशोधन के निर्देश दिए हैं।

महिलाओं-युवाओं को उचित प्रतिनिधित्व नहीं, पायलट खेमे की नाराजगी बरकरार

नियुक्तियों की लिस्ट में महिलाओं और युवाओं को उचित प्रतिनिधित्व नहीं देने, उदयपुर चिंतन शिविर की गाइडलाइन को भी दरकिनार करने के आरोप लगे हैं। साथ ही सोशल इंजीनियरिंग का ख्याल भी नहीं रखा गया। लिस्ट में सचिन पायलट ग्रुप के काफी करीबी नेताओं के नाम शामिल थे। लेकिन सूत्रों के मुताबिक वह अपने ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को एडजस्ट कराना चाहते हैं। कम नाम होने पर भी आपत्ति जताई गई है। जिसके कारण रंधावा और डोटासरा को हाईकमान ने लिस्ट लौटा कर संशोधन करने के निर्देश दिए हैं। 

गुरुवार को दिल्ली में राजस्थान कांग्रेस संगठन को लेकर बैठक संभावित

गुरुवार को दिल्ली में राजस्थान कांग्रेस संगठन को लेकर बैठक के संभावित है। चुनावी रणनीति बनाने और नेताओं की जिम्मेदारियां तय करने को लेकर सुबह 10:30 बजे से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। जबकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली आएंगे या जयपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल लेंगे इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।