जमीन घोटाले में गिरफ्तारी के बाद विशेष अदालत ने गुरुवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को न्यायिक हिरासत में होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागृह में भेज दिया। कारा के अंदर हेमंत सोरेन को कैमरे की निगरानी में रखा गया है।

जेल के अंदर उनका ठिकाना है- अपर डिवीजन सेल। इस सेल में राजनीतिक बंदियों को रखा जाता है। पूर्व मंत्री राजा पीटर को भी रखा गया था। पूर्व मुख्यमंत्री पर जेल प्रशासन की विशेष नजर है। जेल प्रबंधन ने पहली रात हेमंत सोरेन को खाने में रोटी-दूध और आलू-गोभी की सब्जी परोसा।

रात आठ बजे तक खाना खाने के लिए हेमंत सोरेन से दो बार पूछा गया। उन्होंने मना कर दिया। बाद में खाना खा लिया। जेल में हेमंत के पहुंचते ही बंदियों में इस बात को लेकर काफी चर्चा थी। सभी बंदी हेमंत सोरेन को देखना चाहते थे। लेकिन सुरक्षा कारणों से किसी बंदी को हेमंत के करीब नहीं जाने दिया गया।

कड़ी सुरक्षा के बीच लाया गया था कारागृह

होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागृह में गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कड़ी सुरक्षा के बीच लाया गया। हेमंत सोरेन ईडी की विशेष अदालत से सीधा जेल पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में ग्रामीण एसपी मनीष टोप्पो ,सदर थानेदार और खेलगांव थानेदार स्काट कर रहे थे। जेल तक पहुंचाने के लिए ईडी के अधिकारी भी साथ में थे। उनके पहुंचने की सूचना से जेल के समीप सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

किसी वाहन चालक को आने जाने नहीं दिया जा रहा था। हेमंत जब जेल में प्रवेश कर गए तब आम लोगों के लिए यातायात सामान्य हुई। जेल परिसर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री गाड़ी से उतरने के बाद बिना किसी से कोई बातचीत किए जेल परिसर में प्रवेश कर गए। इसके बाद पांच मिनट के अंदर ईडी के अधिकारी भी जेल से निकल गए।

जेल प्रशासन को जैसे सूचना मिली कि पूर्व मुख्यमंत्री को जेल लाया जा रहा है तो तीन वार्ड की सफाई की गई। इसमें एक वार्ड वह भी था, जिसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव रहते थे।

मुस्कराते हुए ED कोर्ट पहुंचे थे हेमंत सोरेन

रांची सिविल कोर्ट में गुरुवार दोपहर ढाई बजे हेमंत सोरेन को पेशी के लिए लाया गया। सफेद रंग की इनोवा गाड़ी की पिछली सीट से उतरते हुए उनके चेहरे पर मुस्कान थी। उन्होंने मीडियाकर्मी और लोगों को हाथ जोड़कर नमस्कार किया और हवा में हाथ लहराया। कोर्ट में जाते समय भी उनके चेहरे पर मुस्कान थी।

रिमांड आवेदन पर सुनवाई के बाद हेमंत सोरेन शाम साढ़े चार बजे अदालत कक्ष से बाहर निकले। इसके बाद उन्हें इनोवा गाड़ी से बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार ले जाया गया।