सुबह से धूप-छांव के बीच उमस भरी गर्मी अपना असर दिखाती रही। दोपहर बाद मौसम ने रंग बदल लिया। घने काले बादल छाए और बारिश शुरू हो गई। कहीं तेज तो कहीं हल्की वर्षा हुई। घंटे भर की बारिश से मौसम सुहाना हो गया।

आज कुछ ऐसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग ने 15 अगस्त को लेकर स्पेशल बुलेटिन जारी किया है। मंगलवार को राज्य के ज्यादातर भागों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम केंद्र रांची के विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 15 से 18 अगस्त के बीच राज्य के ज्यादातर हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। गर्जन और वज्रपात का भी खतरा हो सकता है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी होने का अनुमान है। उसके बाद 19 और 20 अगस्त को भी कई स्थानों में गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।

कल से दो-तीन डिग्री नीचे लुढ़केगा पारा

सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रहा। मंगलवार को इसमें एक डिग्री की गिरावट आ सकती है। उसके बाद अधिकतम तापमान अगले कई दिनों तक 30 डिग्री पर रह सकता है। बारिश की गतिविधि बढ़ने से तापमान में थोड़ी गिरावट की संभावना है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं आएगा।