चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को लेकर पूरा देश प्रार्थना कर रहा है। इस मिशन की कामयाबी के साथ ही भारत ऐसा करने वाला चौथा देश होगा। चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग को लेकर फतेहाबाद के श्रीअद्वैत स्वरूप विचार आश्रम मंदिर के संत महात्माओं व संगतों द्वारा बुधवार सुबह विशेष प्रार्थना की गई।इस दौरान श्रीविचार आश्रम मंदिर के प्रमुख संत विचार सेवानंद महाराज, शाम प्रेमानंद, विनीत प्रेमानंद, निष्काम सेवानंद एवं दिव्या विचारानंद महाराज ने इसे भारत देश के लिए गर्व का पल बताते हुए कहा कि चंद्रयान की सफल लैंडिंग होने से भारत का गौरव पूरे विश्व भर में फैलेगा।

 प्रार्थना सभा में मौजूद भाजपा शहरी प्रधान शम्मी ढींगड़ा व विचार आश्रम सेवादल के प्रधान कृष्ण वधवा ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की प्रार्थना करते हुए कहा कि चंद्रयान 3 की सफलता से पूरी दुनिया को भारत की ताकत देखेगी। उन्होंने कहा कि हमारा दृढ़ विश्वास है कि प्रार्थनाएं परिणाम दिखाएंगी और चंद्रयान-3 चंद्रमा पर तिरंगा फहराने में सफल होगा।हरियाणा में सभी स्कूल आज शाम एक घंटे के लिए खोले जाएंगे। स्कूलों में चंद्रयान-3 मिशन का लाइव टेलीकास्ट सभी विद्यार्थियों को दिखाया जाएगा। इसके लिए सभी स्कूलों में विशेष तैयारियां की गई है।

विद्यार्थियों को डिजिटल कक्षाओं, कंप्यूटर लैबों और टीवी के साथ-साथ मोबाइल के माध्यम से भी इस लाइव टेलीकास्ट से जोड़ा जाएगा, साथ ही सभी विद्यार्थी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संदेश को भी सुन सकेंगे। इस कार्यक्रम से जुड़कर विद्यार्थी विज्ञान से संबंधित कई तरह की जानकारियां हासिल करेंगे।आज शाम पांच बजकर 20 मिनट पर चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। चंद्रमा को सतह पर उतरते देखने के लिए विद्यार्थी के लिए जहां सभी स्कूलों में प्रबंध किए गए है तो वहीं पैनोरमा विज्ञान केंद्र में भी चंद्रयान-3 के लाइव टेलीकास्ट को देखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। वहीं, चंद्रयान-3 के लाइव टेलीकास्ट को देखने के लिए विद्यार्थी भी काफी उत्साहित हैं।