यमुनानगर। शहर जगाधरी थाना क्षेत्र की ग्रीन विहार कालोनी में छह-सात बदमाशों ने डकैती डाली। दंपती को पीटा। बच्चों के हाथ बांध व मुंह पर टेप लगाकर दूसरे कमरे में बंद कर दिया। बदमाश चाकू लिए हुए थे।जिसे दिखाकर परिवार को बंधक बनाया। इस दौरान दस तोले सोना, साढ़े आठ लाख रुपये की नकदी लूटकर बदमाश फरार हो गए। वारदात बुधवार सुबह लगभग चार बजे हुए। इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिवार अभी तक दहशत में है।ग्रीन विहार कालोनी निवासी फजरूल प्लाईवुड फैक्ट्री में ठेकेदार हैं। उनके मकान में निर्माण कार्य चल रहा है। जिस वजह से गेट खुला हुआ था।

रात को वह अपनी पत्नी नूरजहां व चार बच्चों के साथ मकान पर सोए हुए थे।सुबह लगभग चार बजे उनके मकान में सात-आठ नकाबपोश बदमाश घुस आए। बदमाशों ने पहले चारों बच्चों के मुंह पर टेप लगाई और हाथ बांध दिए। शोर मचाने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे नूरजहां व फजरूल की आंख खुल गई।नूरजहां ने बताया कि सुबह लगभग चार बजे होंगे। अचानक से उसे बच्चों के कमरे से आवाज आई। वह उठी।

अचानक से एक बदमाश ने उसे धक्का देकर पीछे गिराया और चाकू दिखाकर चुप करा दिया। पति की आंख खुल गई। बदमाशों ने उनसे रुपये मांगे तो ड्रोर से निकालकर डेढ़ लाख रुपये दे दिए। फिर बदमाश चाबी मांगने लगे।चाबी नहीं देने पर बदमाशों ने मारपीट की। पति के पेट में मुक्का मारा। वह गिर पड़े। फिर बदमाशों ने अलमारी का दूसरा ड्रोर तोड़ दिया। जिसमें से लगभग दस तौला सोना व सात लाख रुपये की नकदी निकाल ली। बदमाशों ने घर में अन्य सामान को भी खंगाल डाला।