क्रिप्टो करेंसी में पैसे लगाने के नाम पर पांच युवकों से 6.53 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। अदालत के आदेशों पर डिफेंस कॉलोनी निवासी नवराज की शिकायत पर गांव नौच निवासी सुरेश शर्मा और मोहाली निवासी डीके राजपूत के विरुद्ध सदर थाना में केस दर्ज कर लिया गया है।

शिकायत में बताया कि 12 जून 2020 को आरोपित सुरेश ने उसे घर बुलाकर क्रिप्टो करेंसी में पैसे लगाने के लिए कहा था। उसे बोला गया था कि इसमें थोड़े पैसे लगाकर ज्यादा पैसे कमाए जा सकते हैं। आरोपितों ने क्रिप्टो थ्री एक्स के नाम से एक कंपनी बनाई हुई थी। उसे कहा कि उनकी कंपनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिजनेस करती है। 28 जून को उसे वाट्सएप पर कंपनी के बारे में जानकारी दी गई थी।

डीके राजपूत कंपनी के बारे में विस्तार से जानकारी देता था। दो जुलाई 2020 को आरोपितों ने उसे एक पासवर्ड और आइडी बनाकर दी थी। जांच के दौरान बाद में आइडी और पासवर्ड फर्जी पाए गए थे। इसके लिए उसने आरोपितों को दो लाख 55 हजार रुपये दिए हुए थे। यह राशि जून 2020 में ही दी गई थी।

उसके दोस्त धर्मबीर के 20 हजार, सुरेश के एक लाख, ईश्वर के 18 हजार नरेंद्र के 75 हजार सहित अन्य दोस्तों ने भी पैसे लगाए थे। ऐसा करके आरोपितों ने उनसे करीब छह लाख 53 हजार रुपये की ठगी की है। आरोपितों ने उनके पैसे तो लगवा दिए, लेकिन उन्हें राशि वापस नहीं की गई। उसने आरोपितों से अपने पैसे वापस मांगे तो देने से मना कर दिया था। उसके बाद उसने अदालत में याचिका दायर की थी।

जांच अधिकारी एएसआइ ने बताया कि अदालत के आदेशों पर दोनों आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।