करनाल के घरौंडा थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर में एक स्प्रे श्रमिक का शव गांव के पास ही खेतों पड़ा मिला। शव की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान की। घरौंडा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव पर चोट के निशान मिले हैं। जिसके बाद स्वजनों ने उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू की है।

फरीदपुर गांव निवासी पंकज ने बताया कि उसका 45 वर्षीय भाई मुकेश खेतों में स्प्रे करने व खाद डालने का काम करता था। शनिवार रात को वह घर नहीं पहुंचा। सुबह गांव के पास खेत में एक शव मिलने की सूचना पर वह अन्य स्वजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो शव मुकेश का निकला। ग्रामीणों ने मामले की सूचना घरौंडा थाना पुलिस को दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए करनाल स्थित मोर्चरी हाउस भेजा गया। स्वजनों की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

मुकेश शव पर चोट के कई निशान मिले हैं। जिससे प्रतीत होता है कि जान बचाने के लिए मुकेश ने काफी संघर्ष किया होगा। चोट के निशान के बाद ही मुकेश के स्वजनों ने उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है।

मृतक के भाई पंकज ने बताया कि मुकेश शादीशुदा है। लेकिन दोनों में अनबन के चलते उसकी पत्नी काफी समय से मायके में रह रही है। मुकेश माता-पिता व अन्य भाइयों के साथ रहता था।

घरौंडा थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि फरीदपुर गांव के पास गांव के ही 45 वर्षीय मुकेश का शव मिला है। स्वजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके संदिग्धों से पूछताछ की जाएगी।