महेशनगर के गोविंदनगर में रहने वाले एक परिवार को विदेश भेजने के नाम पर 30 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी करके जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुल‍िस ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर में रहने वाले परमजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुल‍िस ने आरोपित को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।

व‍िदेश भेजने के नाम पर हड़प ल‍िए 30 लाख 50 हजार रुपए

गोविंद नगर वासी साहिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ किसी काम से चंडीगढ़ गया था। तभी उसकी नजर विदेश भेजने के लिए संपर्क करने वाले बोर्ड पर पड़ी। बोर्ड पर लिखे नंबर पर संपर्क किया तो अगले दिन परमजीत महेशनगर में गोविंदनगर स्थित उसके घर पहुंचा। परमजीत ने पूरे परिवार को विदेश भेजने के लिए डॉक्यूमेंट मांगे और उसके बाद धीरे-धीरे करके 30 लाख 50 हजार रुपए हड़प लिए।

नहीं आया कोई वीजा, म‍िलने लगी जान से मारने की धमक‍ियां

जब समय बीतता गया और विदेश जाने के लिए कोई वीजा नहीं आया तो रुपये वापस मांगे तो जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। इस मामले में पुलिस ने गुरप्रीत सिंह, कमलजीत कौर, वीरेंद्र सिंह और परमजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। अब पुलिस ने आरोपित परमजीत सिंह को गिरफ्तार कर ल‍िया है और दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।