चकिया में स्थानीय क्षेत्र के डुही सुही गांव के एक घर में खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर तेज आवाज के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि भवन की दूसरी मंजिल की छत तक उड़ गई। वहीं घर में आग लगने से करीब पांच लाख का सामान जलकर राख हो गया।

डुही-सुही गांव के निवासी दशरथ के घर उनकी पत्नी सुनीता देवी प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी रसोई गैस सिलेंडर पर खाना बना रही थीं। अचानक गैस चूल्हे में आग लग गई। सुनीता और घर के लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया पर आग ने विकराल रूप ले लिया। सभी घर से बाहर भाग गए। इससे बाद सिलेंडर भी तेज धमाके साथ फटा। जिससे दो मंजिला भवन की छत उड़ गई। घर में आग लगने से दशरथ के अनुसार पांच लाख का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।