अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव के निकट फुटबाल मैदान के समीप पेड़ के नीचे करीब आधा दर्जन युवकों ने रविवार देर रात 36 वर्षीय आदिवासी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद महिला बेहोश हो गई। इसके बाद सभी युवक वहां से भाग गए।

दुष्‍कर्म करने के साथ युवकों ने छीन लिया पीड़िता का मोबाइल

दुष्कर्मियों ने पीड़िता का मोबाइल भी छीन लिया। सोमवार सुबह होश आने के बाद पीड़िता किसी तरह पाडेरकोला चौक पहुंची। यहां कुछ लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों की मदद से महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला महेशपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है।

रविवार को ही प्रेमी संग लौटी थी घर

पीड़ित महिला एक सप्ताह पूर्व ही दिल्ली से वापस लौटी थी। वह अपने प्रेमी के साथ रविवार देर शाम अमड़ापाड़ा पहुंची थी। पुलिस मोबाइल का सीडीआर निकालने में जुटी है। एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, पुलिस निरीक्षक उमाशंकर, एसआइ प्रेमचंद भगत, जलधर हेम्ब्रम, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी अरुणिमा बागे, महेशपुर थाना प्रभारी आनंद पंडित, एसआइ मुकुल भगत पीड़िता के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। महिला ने पुलिस को आपबीती सुनाई। महिला के बयान पर पुलिस ने आधा दर्जन अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

प्रेमी का नाम नहीं जानती पीड़िता

पीड़िता ने बताया कि वह दिल्ली में काम करती है। एक सप्ताह पूर्व वह घर लौटी थी। रविवार शाम वह प्रेमी के साथ अमड़ापाड़ा आई थी। प्रेमी उसे एक फुटबाल मैदान के पास लेकर गया। वहां पहले से घात लगाए आधा दर्जन युवक बैठे थे। वहां सभी ने दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला बेहोश हो गई। सोमवार सुबह उसे होश आया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने प्रेमी का नाम नहीं जानती है। वह छह महीने से फोन पर उससे संपर्क में थी।