कर्नाटक के पूर्व CM जगदीश शेट्टार ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि एक दिन पहले ही उन्होंने टिकट न मिलने पर बीजेपी छोड़ दी थी। इस बीच जगदीश शेट्टार को लेकर पार्टी ने प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने कहा कि कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने पार्टी और विधायक के पद से इस्तीफा देने की घोषणा के बाद खुद को पार्टी के ऊपर चुना है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जगदीश शेट्टार आज इस्तीफा देने जा रहे हैं। वह पूर्व सीएम और पार्टी अध्यक्ष भी रहे हैं। पार्टी पर थोड़ा प्रभाव पड़ेगा और भाजपा इससे उबरने में सक्षम है। पार्टी ने युवा पीढ़ी को रास्ता देने का फैसला किया है।

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जगदीश शेट्टार से लगातार बात की गई। उन्होंने कहा कि इतने प्रयास के बावजूद शेट्टार ने पार्टी के ऊपर खुद को चुना है। पार्टी सूत्रों ने आगे बताया कि जगदीश शेट्टार को कई विकल्प भी दिए गए थे। जिसमें परिवार के किसी सदस्य को टिकट देने का वादा भी शामिल था। साथ ही उन्हें गवर्नर या संगठन में बड़ी भूमिका का विकल्प भी दिया गया था।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रह्लाद जोशी और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार के साथ बैठक की थी। इस दौरान जगदीश शेट्टार ने दावा किया था कि पार्टी आलाकमान ने उन्हें विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के लिए सलाह दी थी। जिसके बाद उन्होंने पार्टी को लेकर नाराजगी जताई।

बता दें कि भाजपा की उम्मीदवारों की सूची से बाहर होने के बाद शेट्टार ने पार्टी के लिए अल्टीमेटम जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि अगर उन्हें अपने पसंदीदा क्षेत्र से टिकट नहीं दिया गया तो वह अपने भविष्य की राजनीति पर विचार करेंगे। उल्लेखनीय है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव 10 मई को एक ही चरण में होंगे, जबकि मतगणना 13 मई को होगी।