सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तबीयत सोमवार को नई दिल्ली में बिगड़ गई। उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहले उन्हें सामान्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां वरीय चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी। अब गहनता से उनकी जांच होगी। संभावना है कि उन्हें कुछ दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ सकता है। शिबू सोरेन कुछ माह के अंतराल पर सर गंगाराम अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के लिए जाते हैं।

वह नौ सितंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ दिल्ली गए थे। हेमंत सोरेन सोमवार को दिल्ली से वापस आ गए। उन्होंने वहां जी-20 के मौके पर आयोजित राष्ट्रपति के रात्रिभोज समारोह में भाग लिया था। झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि शिबू सोरेन की हालत स्थिर है। चिंता की कोई बात नहीं है। वे सामान्य जांच के बाद चिकित्सकों का परामर्श लेकर वापस लौट आएंगे।