झारखंड की राजधानी रांची में आज हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि राज्य भर में अगले चार से पांच दिनों तक मॉनसून कमजोर पड़ने के आसार हैं। ऐसे में झारखंड के अधिकतम इलाकों में हल्के बादल छाए रहेंगे। वहीं, रांची में मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। आज झारखंड की राजधानी के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला में मौसम का हाल

आज चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे। शाम के समय वज्रपात के साथ तेज वर्षा की भी संभावना है। चाईबासा में आज न्यूनतम 25 और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है वहीं, जमशेदपुर में न्यूनतम पारा 26 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इसके अलावा, सरायकेला में न्यूनतम 26 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रह सकता है।

पलामू के लिए भी येलो अलर्ट

आज, कोडरमा के भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। अगले पांच दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने पूरे राज्य में गरज के साथ हल्की वर्षा और कहीं-कहीं वज्रपात होने की चेतावनी दी है। रांची के अलावा संताल और पलामू के अलग-अलग इलाकों में भी भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

चार अगस्त तक हुई वर्षा

राज्य में मॉनसून 30 जुलाई से फिर एक्टिव हुआ है। 4 अगस्त तक इसका असर देखने को मिला है। इस दौरान राज्य के लगभग सभी हिस्सों में अच्छी वर्षा हुई। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश दुमका के खुसियारी में हुई है। जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस देवघर में दर्ज किया गया है। इसके अलावा, अगर राज्य भर में सबसे कम तापमान की बात करें तो शनिवार को रांची में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, आज यानी कि रविवार को रांची में तापमान अधिकतम 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।