जून का महीना चल रहा है। भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। हर कोई राहत पाने के लिए कई तरीके के घरेलू नुस्खे अपना रहा है, उसके बाद भी लोगों के सामने विभिन्न तरीके की परेशानियां खड़ी हो रही हैं। गर्मी के इस मौसम में ज्यादातर लोग घमौरियों से काफी परेशान रहते हैं। घमौरियों की वजह से कपड़े पहनने तक में दिक्कत होने लगती है। घमौरियों में शरीर के कई हिस्से जैसे गर्दन, पीठ, कमर, सीने, कई बार चेहरे पर भी छोटे-छोटे लाल दाने हो जाते हैं, जिसमें खुजली, जलन होती है।

ऐसा उन लोगों के साथ ज्यादा होता है, जिसे पसीना ज्यादा आता हो। इसके साथ ही जो लोग ज्यादा टाइट कपड़े पहनते हैं, उनको भी इससे जूझना पड़ता है। आप कितना भी दवाईयों का इस्तेमाल कर लें, लेकिन इससे छुटकारा नहीं पा सकते।

मुल्तानी मिट्टी और गुलाब जल

अगर आप घमौरियों से छुटकारा पाना चाहते हैं तो मुल्तानी मिट्टी में 1 चम्मच गुलाब जल डाल कर इसका पेस्ट बना लें। इसे उस जगह पर लगाएं, जहां घमौरियों के दाने हो रहे हों। इससे आपके शरीर में जलन कम होगी। इसके साथ ही फंगल इंफेक्शन में भी कमी आएगी।

एलोवेरा

एलोवेरा के इस्तेमाल से आपको जलन में राहत मिल सकती है। इसके इस्तेमाल के लिए आपको बस एक कटोरी में एलोवेरा का जेल लेना है। इस जेल को प्रभावित जगह पर अप्लाई करना है। अपने आप सोते वक्त इसका इस्तेमाल करेंगे तो आपको जल्दी राहत मिलेगी।

आइस क्यूब

बर्फ के टुकड़े घमौरियों से निजात दिलाते हैं। इसे बस कॉटन के कपड़े में बांधकर प्रभावित जगह पर घुमाएं। इसके इस्तेमाल से घमौरियों में होने वाली जलन और खुजली से राहत मिलेगी।

नीम की पत्ती

इसके इस्तेमाल के लिए आपको आधे लीटर पानी में नीम की साफ पत्तियों को उबालना है। जब पानी ठंडा हो जाए तो इसे प्रभावित जगहों पर लगाएं।

दही

हर घर में आपको दही तो मिल ही जाएगा। इसे अगर आप घमौरियों पर लगाएंगे तो आपको काफी राहत मिलेगी। इसका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता है।