आगरा। आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला की मध्य प्रदेश के युवक से मोबाइल पर मिस्ड काल से दोस्ती हुई। वाट्सएप पर प्यार का इजहार करने के बाद युवक मंगलसूत्र लेकर आगरा आ गया। इधर, महिला की हरकतों से पति को उस पर शक हो गया था। उसने प्रेमी को पकड़ लिया, उसकी बेल्ट से पिटाई लगा दी। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो गया।

दो बच्चों और पति के साथ किराए पर रहती है

ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में महिला दो बच्चों और पति के साथ किराए पर रहती है। छह महीने पहले महिला के पास मिस्ड काल आई। उसने पलट कर फोन किया तो नंबर मध्य प्रदेश में रहने वाले एक युवक का था। दोनाें के बीच बात होने लगी। महिला रात में घंटों मोबाइल पर बात करने लगी तो पति को शक हो गया। उसका वाट्सएप चेक किया तो शक यकीन में बदल गया।

पति ने नजर रखना किया शुरू

पति ने महिला पर नजर रखनी शुरू कर दी। दो दिन पहले महिला ने प्रेमी को मिलने के लिए बुलाया था। वह मंगलसूत्र लेकर आया था। पति को इसकी भनक लग गई। पति रोज की तरह काम पर जाने के बहाने से घर से निकल गया।

पत्नी ने बुला लिया प्रेमी

महिला ने प्रेमी को घर पर बुला लिया। पति ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। घर के बाहर लाकर उसकी बेल्ट से पिटाई कर दी। बस्ती के लोगों की भीड़ वहां जुट गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। जो रविवार को इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो गया। मामले चौकी प्रभारी विधान सिंह का कहना है कि युवक पत्नी के साथ घर खाली करके चला गया है। मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है।