जयपुर। राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को लेकर भाजपा सांसदों ने सोमवार को नई दिल्ली में संसद परिसर में प्रदर्शन किया। राजस्थान के भाजपा के सांसदों ने वरिष्ठ नेताओं के साथ महात्मा गांधी प्रतिमा के सामने अपना विरोध प्रकट किया।

भाजपा सांसदों ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

भाजपा सांसदों ने यह विरोध प्रदर्शन राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार और अपराध के मुद्दे को लेकर किया है। साथ ही उन्होंने नारेबाजी भी की। उन्होंने राजस्थान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि राजस्थान में दलितों पर अत्याचार हो रहा है।

सीपी जोशी ने अशोक गहलोत से मांगा इस्तीफा

राजस्थान से भाजपा सांसद सीपी जोशी ने कहा कि हमारी मांग है कि अगर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर सकते हैं, तो उन्हें इस्तीफा दे देनी चाहिए। भाजपा सांसद ने कहा कि राजस्थान में पिछले कुछ सालों में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ा है।

राजस्थान में पिछले कुछ वर्षों में बढ़ा है अपराध: सीपी जोशी

भाजपा सांसद ने कहा कि राजस्थान में पिछले तीन सालों में अपराध बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कानून लचर है। राजस्थान का गौरवशाली इतिहास रहा है और अब यहां लगातार दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रियंका गांधी को लेकर भी निशाना साधा।

राज्यवर्धन राठौड़ ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

भाजपा के सांसद राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि चाहे कोई भी राज्य हो या दुनिया भर में महिला सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी की सरकार ने 11 करोड़ शौचालय बनाने से लेकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए बहुत कुछ किया है।

भाजपा सांसद ने कहा कि पीएम मोदी ने देश में व्यवहारिक बदलाव भी लाए हैं। एक कानून है कि 12 साल से कम उम्र के दुष्कर्म के मामले में मौत की सजा होगी और फास्ट ट्रैक अदालतें बनाई गई हैं जिन्हें केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित किया गया है।