आगरा। Agra Accident News: कमला नगर बाइपास पर सर्वोदय अस्पताल के सामने बुधवार सुबह तीन बजे वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर मृत्यु हो गई। गंभीर रूप से घायल पति ने अस्पताल में बुधवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

नगला रामबल के रहने वाले आकाश न्यू आगरा के कौशलपुर निवासी अपने भाई की शादी में शामिल होकर घर आ रहे थे। आक्रोशित लोगों ने हंगामा कर जाम लगा दिया। उनका कहना था हादसे के आधा घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। सुबह चार बजे पुलिस ने जाम को खुलवाया।

मंगलवार रात में शादी थी

नगला रामबल के रहने वाले आकाश के भाई की मंगलवार रात को शादी थी। स्वजन ने बताया कि आकाश और उनकी पत्नी मीनू कौशलपुर में शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से घर आ रहे थे। तेज रफ्तार ट्रक ने दंपती को बाइक समेत रौंद दिया। दुर्घटना में मीनू की मौके पर मृत्यु हो गई। जबकि पति आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया था। बुधवार सुबह आकाश की मृत्यु हो गई।

शादी के घर में कोहराम

दंपती की मृत्यु की जानकारी होने पर शादी वाले घर में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष कमला नगर सोवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।