अहमदाबाद | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान के अंतर्गत रविवार को अहमदाबाद महानगर पालिका की ओर से घाटलोडिया वार्ड कार्यालय से निर्णय नगर तक आयोजित की गई भव्य तिरंगा यात्रा को घाटलोडिया से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र और मुख्यमंत्री के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्र भक्ति का शानदार नजारा देखने को मिला। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी का अमृत महोत्सव के वर्ष को एक बहुत ही उम्दा भाव के साथ जनता के समक्ष रखा है। 1857 से 1947 तक, 90 वर्षों तक आजादी के लिए संघर्ष करने के बाद हमें यह अनमोल आजादी प्राप्त हुई। हमें मिली आजादी के पीछे लाखों-करोड़ों लोगों ने 90 वर्षों तक संघर्ष किया और बलिदान दिया था। अनेक वीर सपूतों और क्रांतिकारी युद्ध के मैदान में वीर गति को प्राप्त हुए। भगत सिंह, खुदीराम बोस और बाबू कुंवर सिंह सहित कई वीर शहीद हंसते-हंसते ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे के साथ वीर गति को प्राप्त हुए थे। उन्होंने कहा कि देश के वीर सपूतों का बलिदान केवल बलिदान ही नहीं है, उनका बलिदान हमारी आने वाली पीढ़ी और देश के लिए जीवन जीने के संस्कार हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि लोकतंत्र की जननी, ऐसा हमारा देश आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के लोगों में देश भक्ति का ज्वार पैदा किया है। प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त, 2023 से 15 अगस्त, 2047 तक ‘आजादी का अमृत काल’ मनाने का आह्वान किया है। देश के 75 से 100 वर्षों की इस यात्रा में हम सभी देशवासी देश को प्रत्येक क्षेत्र में नंबर-1 बनाने के लिए अपना सर्वस्व योगदान देने को कटिबद्ध हैं। यह अमृत काल युवा पीढ़ी के लिए काफी महत्वपूर्ण है। युवा पीढ़ी ने 90 वर्षों तक स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व कर देश को गुलामी से मुक्त कराया था। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश की युवा पीढ़ी अगले 25 वर्ष भारत को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ बनाने के लिए समर्पित रहेगी। ‘हर घर तिरंगा’ और ‘मेरी माटी, मेरा देश’ जैसे अभियान के बारे में बात करते हुए अमित शाह ने कहा कि पिछले वर्ष हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत देश में बच्चे-बुजुर्ग, हर कोई साथ मिलकर देश भक्ति के रंग में रंग गए थे। आज तिरंगे के साथ यहां उपस्थित विशाल जनसमूह को देखकर ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान भी सफल होता दिख रहा है। गत वर्ष देश के प्रत्येक घर पर जोश और उल्लास के साथ तिरंगा लहराया गया था। इस वर्ष भी राष्ट्र भावना को समर्पित इस जनअभियान में देशवासी उत्साह के साथ जुड़ रहे हैं। गुजरात में भी इस वर्ष 1 करोड़ से अधिक घरों पर तिरंगा लहराने और गांव-गांव से मिट्टी एकत्र कर प्रधानमंत्री तक पहुंचाने के लिए लोग उत्साह के साथ इस अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही, केंद्रीय गृह मंत्री ने उपस्थित जनसमूह का आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर, उस सेल्फी को ऑनलाइन अपलोड कर इस महाअभियान में सहभागी बने।
तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि भारत का अभिन्न हिस्सा होने के बावजूद पहले कश्मीर में तिरंगा फहराने के लिए संघर्ष करना पड़ता था। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 31 साल पहले पूरी हिम्मत के साथ कश्मीर में तिरंगा फहराया था। देश की भावी पीढ़ी को तिरंगा लहराने के लिए संघर्ष न करना पड़े, इसके लिए हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी ने संघर्ष किया था। उनके मजबूत नेतृत्व में कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाकर देश को एक और अखंड बनाया गया। जिसके कारण आज कश्मीर में तिरंगा शान से लहरा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आगे कहा कि देश के गृह मंत्री के तौर पर अमित शाह के नेतृत्व में आज हम आतंकवादी और देश विरोधी गतिविधियों को कुचलने में सफल हुए हैं। देश भर में पुलिस बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जैसे अर्धसैनिक बलों सहित सुरक्षा बलों ने आज देश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ‘हर घर तिरंगा’ और ‘मेरी माटी, मेरा देश’ जैसे अभियान के विषय में बात करते हुए कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पिछले वर्ष देश में कश्मीर से कन्याकुमारी तक घर-घर तिरंगा लहराया था। पूरे देश से लोग जोश के साथ राष्ट्र भावना जगाने वाले इस अभियान में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि ‘मेरी माटी, मेरा देश’ और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत इस वर्ष भी राष्ट्रीय पर्व को देश भर में शानदार तरीके से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गत वर्ष स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाते हुए हमने 1 करोड़ से अधिक तिरंगा लहराने का अभियान चलाया था। जिसके अंतर्गत पूरा गुजरात तिरंगामय बन गया था। साबरमती नदी के तट पर बसे अहमदाबाद शहर ने आजादी की अलख जगाने में अमूल्य योगदान दिया है। पिछले वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी अहमदाबाद सहित गुजरात भर में पूरी आन-बान और शान के साथ 1 करोड़ से अधिक तिरंगा लहराने का आयोजन है। आज अहमदाबादी तिरंगे के रंग में रंग गए हैं, तिरंगा यात्रा इसका भव्य उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश की आजादी की अनेक गाथाएं तिरंगे में समाई हुई हैं। तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का प्रतीक है। आज हमारा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है और हम सभी अमृत काल में प्रवेश कर रहे हैं। यह अमृत काल हम सभी के लिए एक कर्तव्य काल है। यदि सभी देशवासी अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेंगे, तो हम निश्चित ही अपने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बना सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की लड़ाई में आगे रहा गुजरात ‘मेरी माटी, मेरा देश’ और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को भी सफल बनाकर भारत को 2047 में ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ बनाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने आजादी के अमृत काल में हमें पांच संकल्प दिए हैं, जिनमें से दूसरा संकल्प गुलामी की मानसकिता से मुक्ति दिलाना है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हाल ही में संसद में गुलामी के प्रतीक तीन पुराने कानूनों को खत्म कर देश के नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षा देने वाले नए कानून से संबंधित विधेयक पेश किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन कानूनों के तहत देश में आपराधिक न्याय को कठोर बनाने और महिला सुरक्षा के संबंध में कड़े प्रावधान लागू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी लोगों से देश भक्ति के इस अभियान में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्र भावना को सशक्त करने वाले ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान में हम सभी पूरे जोश के साथ हिस्सा लें। सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भी अपनी सेल्फी अपलोड करें, साथ ही घर पर भी तिरंगा लहराकर अपने राष्ट्र प्रेम और राष्ट्र भावना को उजागर करें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस बैंड ने संगीत के सुरों पर महानुभावों का स्वागत किया गया। प्लाटून कमांडों की अगुवाई में विभिन्न पुलिस बलों की परेड के साथ उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्मयंत्री श्री भूपेंद्र पटेल सहित सभी उपस्थित महानुभाव लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।