झारखंड के चार पर्यटन स्थलों पर एरियल पैसेंजर रोपवे का निर्माण हो सकता है। इनमें जोन्हा, हुंडरू, दशम और कौलेश्वरी सम्मिलित हैं। इन पर्यटन स्थलों पर रोपवे निर्माण के लिए फिजिबिलिटी (व्यवहार्यता) के अध्ययन की जिम्मेदारी राइट्स लिमिटेड को दी गई है। इसे लेकर राज्य सरकार ने शुक्रवार को कंपनी के साथ करार किया। पर्यटन निदेशक अंजली यादव तथा राइट्स लिमिटेड के वरीय महाप्रबंधक विजय कुमार और वरीय पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने इन चार स्थानों पर एरियल पैसेंजर रोपवे निर्माण के व्यवहार्यता अध्ययन को लेकर समझौते पत्र पर हस्ताक्षर किया।

तकनीकी पहलुओं का होगा सटीक मूल्यांकन

इन चार स्थानों पर रोपवे की तकनीकी और पर्यावरणीय पहलुओं के सटीक मूल्यांकन हेतु इस परियोजना में व्यवहार्यता अध्ययन को सुनिश्चित किया जाएगा एवं इसके अध्ययन के बाद निर्माण कार्य हेतु निर्णय लिया जाएगा। झारखंड दर्शन को आनेवाले असंख्य प्रकृति प्रेमियों एवं सैलानियों को यह रोपवे सैर सपाटे का एक सुखद अनुभव प्रदान करेगा। रोपवे निर्माण से झारखंड में पर्यटन का विकास भी होगा।