भोपाल । कांग्रेस मध्य प्रदेश में अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए सभी अंचलों में बड़ी चुनावी रैली करेगी। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। इसके लिए भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा और सागर शहर प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अलावा दतिया, उज्जैन, गुना और छिंदवाड़ा में भी बड़े कार्यक्रम होंगे। इनमें भी राष्ट्रीय पदाधिकारी भाग लेंगे। चुनाव अभियान समिति ने प्रस्तावित किया है कि प्रत्येक विधानसभा में एक बड़ी सभा की जाए ताकि पार्टी के पक्ष में माहौल बने और कार्यकर्ता उत्साहित हों।
प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव अभियान को गति देने के लिए परिर्वतन संकल्प अभियान प्रारंभ करने का निर्णय किया है। 16 वरिष्ठ नेता इसका नेतृत्व करेंगे और सभी को अलग-अलग जिले भी आवंटित कर दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उन विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं, जहां पार्टी को लगातार हार का करना पड़ रहा है। इन्हीं क्षेत्रों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के सम्मेलन भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक सभा के बाद सितंबर-अक्टूबर में प्रदेश के सभी अंचलों में महारैली आयोजित की जाएगी ताकि पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया जा सके और कार्यकर्ता उत्साहित हों। विंध्य और बुंदेलखंड में एक-एक रैली होगी। इसी तरह मालवा-निमाड़, ग्वालियर-चंबल, महाकोशल और मध्य भारत क्षेत्र में सभा प्रस्तावित की गई है। छिंदवाड़ा में भी पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सभाएं होंगी। प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर का कहना है कि चुनाव को लेकर पार्टी की सभी स्तर पर पूरी तैयारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ जल्द ही कार्ययोजना को वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श करके अंतिम रूप देंगे।
सभी संभागीय मुख्यालयों पर होंगे सम्मेलन
उधर, पार्टी सभी संभागीय मुख्यालयों पर कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी। प्रदेश कांग्रेस ने इसकी तैयारी प्रारंभ कर दी है। लगातार हारने वाली सीटों पर कार्यकर्ता सम्मेलन होने के बाद यह कार्यक्रम प्रारंभ होगा। इसमें स्थानीय नेताओं को आगे किया जाएगा।