भोपाल । राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में कांग्रेस प्रशासनिक अत्याचार निवारण समिति की बैठक हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हो रहे अन्याय और अत्याचार के निराकरण के लिए बैठक में चर्चा हुई। बैठक के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त करने के केस कांग्रेस पार्टी लड़ेगी। सभी केस फ्री में लड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि तहसील कोर्ट से लेकर हाई कोर्ट तक तक पार्टी लड़ाई लड़ेंगी। इसके लिए हर जिले में दो-दो वकील की नियुक्ति की गई है। उनके नंबर सार्वजनिक किए जाएंगे। इसकी मॉनीटरिंग पूर्व एडवोकेट जनरल शंशाक शेखर करेंगे। यदि प्रदेश में कही भी कांग्रेस कार्यकर्ता के खिलाफ कोई झूठा मामला बनाया जाता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके लिए एक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा, जो 24 घंटे काम करेगा।
पूर्व सीएम ने कहा कि सागर जिले का दौरा करके आया हूं। वहां पर छोटे-छोटे केस में कार्यकर्ताओं को सताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब कोई केस नहीं होता है तब भी 151 की कार्रवाई की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 9 कांग्रेसियों पर जबरन के केस लादे गए है। कांग्रेस के लोगों पर जिला बदर के केस लगाए गए हैं। दिग्गी ने कहा कि अधिकारी ऊपर से दबाव होने की बात कहते हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि गैर कानूनी ढंग से कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को कांग्रेस कोर्ट में खड़ा करेगी। झूठे केस के प्रमाण के लिए पार्टी काम कर रही है। आरटीआई एक्टिविस्ट को भी तैयार किया जा रहा है।
कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ कांग्रेस के हर कार्यकर्ताओं को हर जिले में विधिक सहायता मुहैया कराएगी। कांग्रेस अपने पीडि़त कार्यकर्ताओं के लिए दो मोबाइल हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि हर जिले में शशांक शेखर विधिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लिस्ट बना रहे हैं। जिससे कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को आधी रात को भी मदद मिल सके। पिछले कुछ अर्से में दतिया, खुरई, रहली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिला, जहां पर कांग्रेस के पदाधिकारियों पर दर्जनों झूठे प्रकरण दर्ज कर किये गए हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि अब हम इन मामले में तैयारी है। हम सभी अधिकारियों को कोर्ट में खड़ा करेंगे और उनसे इस पूरे मामले में जवाब लेंगे।