टीकमगढ़ ।  विधानसभा चुनाव के दौरान भितरघात करने के आरोप प्रदेश महासचिव पर लगाए गए है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने एक पत्र जारी करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस महासचिव अंबिका प्रसाद उर्फ महेश यादव पर पार्टी विरोधी काम करने की आरोप लगाए गए हैं।

6 साल के लिए कांग्रेस से निष्कासित

कांग्रेस के प्रदेश संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने पत्र में लिखा है कि एआईसीसी के पर्यवेक्षक और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी ने तथ्यात्मक रूप से महेश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें महेश यादव पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होकर कांग्रेस प्रत्याशी के विरोध में काम करने के आरोप लगाए गए हैं। पार्टी विरोधी काम करने के चलते उन्हें 6 साल के लिए कांग्रेस से निष्कासित किया है।

नवीन साहू जिला अध्यक्ष घोषित

गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष महेश यादव पंचायत चुनाव से भाजपा खेमे में नजर आ रहे थे। उन्होंने अपनी पत्नी को जनपद सदस्य का चुनाव लड़ाया और भाजपा समर्थित जनपद सदस्यों के समर्थन से पत्नी को जनपद पंचायत जतारा का अध्यक्ष बनाने में सफल रहे। इस बीच कांग्रेस ने महेश यादव को जिला अध्यक्ष के पद से हटकर नवीन साहू को जिला अध्यक्ष घोषित किया। इसके बाद से लगातार महेश यादव कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बगावती तेवर दिखा रहे थे।

हालांकि पार्टी ने उन्हें मनाने के लिए विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी थी। चुनाव के दौरान वे कांग्रेस प्रत्याशियों के जनसंपर्क में पार्टी के पक्ष में वोट मांगते नजर आए, लेकिन अंदरूनी तौर पर कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ भितरघात किया। जिसके चलते अब कांग्रेस पार्टी के संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।