शहर से मानसून की विदाई हो गई है। इसकी अधिकारिक घोषणा मौसम विभाग ने कर दी है। भारतीय मौसम विभाग ने झारखंड राज्य के पूरे क्षेत्र से दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रस्थान की घोषणा की है।

इस वर्ष राज्य में मानसून का आगमन 19 जून को हुआ था। राज्य में मानसून की विदाई के बाद झारखंड शुष्क मौसम की ओर प्रवृत्त होता है, जिससे क्षेत्र में मुख्य वर्षा के मौसम का समापन होता है।

मानसून का प्रस्थान मौसम के प्रारूप में बदलाव का संकेत देती है और राज्य सूखे और ठंडे मौसम की ओर अग्रसर होता है। मानसून ऋतु के दौरान झारखंड में कुल वर्षा (1 जून से 30 सितंबर तक) 751.3 मिमी हुई, जबकि सामान्य वर्षा 1022.9 मिमी है।

वहीं, विचलन 27 प्रतिशत हुआ जो कम वर्षा की श्रेणी में आता है। वहीं, राज्य के कुल 24 में से सात जिलों में सामान्य वर्षा रही, जबकि शेष जिलों में वर्षा की कमी रही। पूर्वी सिंहभूम जिले में मानसून सामान्य रहा। 1 से 13 अक्टूबर के बीच यहां 47 एमएम वर्ष दर्ज की गई है। राज्य में इस बार मानसून 104 दिन रहा। 19 जून को मानसून ने राज्य में प्रवेश किया था।

मानसून की विदाई होते ही शहर में अब ठंड दस्तक देगी। ऐसे में, लोगों को सतर्क होने की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार, दुर्गा पूजा से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। ऐसे में ठंड बढ़ेगी।

शुरुआती ठंड में खास ध्यान देने की जरूरत होती है। खासकर बच्चे व बुजुर्गों को अधिक नुकसान पहुंचता है। जमशेदपुर में दुर्गा पूजा पर घूमने का प्रचलन रात में रहा है। ऐसे में, विशेष ख्याल रखने की जरूरत है।

शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 15 अक्टूबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।