भोपाल ।   कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को एक बार फिर मप्र के दौरे पर पहुंची हैं। वह दमोह में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा कर रही हैं। उनके आगमन से पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और प्रियंका गांधी वाड्रा पर हमला बोला और उनसे कुछ तीखे सवाल भी पूछे।

राम मंदिर से इनको तकलीफ क्यों?

सीएम शिवराज ने कहा कि आज फिर मध्य प्रदेश में कांग्रेस की झूठ की दुकान सज रही है। आज फिर प्रियंका जी आ रही हैं! मैं सबसे पहले तो प्रियंका जी से यही सवाल पूछना चाहता हूं कि भगवान राम और भगवान राम के मंदिर से आपको तकलीफ क्या है? कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग को शिकायत की है कि भगवान राम के मंदिर के फोटो होडिंग लगाए जा रहे हैं, वह निकाले जाएं। महाकाल के चित्र लगे हैं, वह निकालो। राम तो रोम-रोम में बसे हैं, कभी आप (कांग्रेस) राम को काल्पनिक बताते थे। भगवान श्री राम करोड़ों करोड़ लोगों के आराध्य हैं। भगवान राम के बिना इस देश का काम नहीं हो सकता। कभी कहते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे। अब तो तारीख पता है 22 जनवरी अब भव्य और दिव्य राम मंदिर बनकर तैयार है। प्रधानमंत्री जी के हाथों मंदिर को प्राण प्रतिष्ठा होनी है। महाकाल महालोक बना, आपने झूठे आरोप लगा दिए। आखिर महाकाल से चिढ़ क्या है आपको?

राम, महाकाल कहीं से हटाए नहीं जा सकते

सीएम शिवराज ने कहा कि अब कांग्रेस के लोग होर्डिंग उतरवाने की बात करते हैं। राम हों, भगवान महाकाल हो, यह कहीं से नहीं हटाए जा सकते। लेकिन कांग्रेस बताए कि उसका दृष्टिकोण क्या है?
पहले किए वादे पूरे नहीं किए, फिर ले आए झूठ का महा वचन पत्र
शिवराज ने कहा कि मैडम प्रियंका जी नई-नई बातें करने आ गईं। झूठ का महा वचन पत्र फिर दे दिया कांग्रेस ने। मैं आज फिर पूछ रहा हूं। साहस है तो जवाब दें।

- गरीब बैगा, भारिया, सहरिया बहनों को जो ₹1000 देते थे, कमलनाथ जी ने उसे क्यों बंद किया?
- संबल योजना क्यों बंद की? गरीब बहन के पैसे देना बंद कर दिए?
- बेटा बेटा-बेटी के जन्म के 12000, बच्चों के लैपटॉप क्यों बंद कर दिए?
- बेटियों की शादी के क्यों पैसे नहीं दिए?
- तीर्थ दर्शन योजना क्यों बंद की?
- किसान सम्मान निधि की राशि के लिए किसानों की लिस्ट क्यों नहीं भेजी?
- गरीबों के मकान जो प्रधानमंत्री जी ने भेजे थे, वापस क्यों कर दिए? प्रियंका जी जवाब देना पड़ेगा, कमलनाथ जी ने 2 लाख से ज्यादा मकान वापस कर दिए।
- एक और बड़ा अपराध किया 2019 में जल जीवन मिशन लागू हुआ। हर गांव में हर घर में टोटी वाला नल लगाकर जल देने के लिए आपने महिलाओं के साथ अन्याय किया।जल जीवन मिशन शुरू ही नहीं किया और फिर कह रहे हैं।
- आपने कहा था बेरोजगारी भत्ता देंगे , 4000 का एक पैसा भी दिया युवाओं को, फिर ठगने आ रहे हो।
- सबका कर्ज माफ करने का वादा किया था लेकिन वो भी नहीं किया।
पहले कांग्रेस को यह स्वीकार करना चाहिए कि उसने जो वचन पत्र दिया था, वह झूठा था।