पिछले कुछ दिनों में बारिश के कारण झारखंड में लोगों को भीषण गर्मी से बेहद राहत मिली है। अगले दो तीन दिनों तक राज्य में मौसम सुहाना रहने वाला है। झारखंड के अधिकतम इलाकों में लोग भारी बारिश का सामना कर सकते हैं। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि झारखंड के लगभग सभी इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है।

अगले दो तीन दिनों तक मौसम में नहीं होगा बदलाव

मौसम विभाग ने रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, गिरीडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुर, साहिबगंज आदि जिलों के लिए भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि अगले दो तीन दिनों तक इन इलाकों के मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। आज रांची में न्यूनतम 23 और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है।

जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला का मौसम

आज जमशेदपुर,चाईबासा और सरायकेला क्षेत्र में दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे। शाम के समय वज्रपात के साथ तेज वर्षा की भी संभावना है। जमशेदपुर में आज न्यूनतम 25 और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। चाईबासा में न्यूनतम 24 और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। वहीं, सरायकेला में न्यूनतम 25 और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने के आसार हैं।

पलामू ,गढ़वा व लातेहार का मौसम

पलामू ,गढ़वा व लातेहार में तापमान में मामूली आई गिरवाट से लोग रात में थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं। अधिकतम ताममान में तीन डिग्री सेल्सियस की कमी हुई है तो न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। आज इन इलाकों में न्यूनतम 24 और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। इसके अलावा, चतरा में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। वर्षा की पूरी संभावनाएं है। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा।