राज्य के कई जिलों के सिविल सर्जन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी तथा जिला स्तर के अन्य पदाधिकारी बदले जाएंगे। स्थापना समिति की बैठक के बाद स्थानांतरण की सूची तैयार कर ली गई है। स्थानांतरण की अधिसूचना आज जारी हो सकती है। इसी के साथ बड़ी संख्या में चिकित्सा पदाधिकारियों के भी स्थानांतरण की तैयारी है। इनकी भी सूची तैयार कर ली गई है। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे चिकित्सा पदाधिकारी हैं, जो लंबे समय से एक ही जगह पदस्थापित थे। विभाग ने पहले ही उन चिकित्सा पदाधिकारियों की सूची तैयार कर ली है थी जो नौ वर्ष या इससे अधिक समय से एक ही जिले में पदस्थापित थे। सभी सिविल सर्जनों को उनकी सूची भेजते हुए उनसे स्थानांतरण के विकल्प मंगाए गए थे। इस सूची में कई सिविल सर्जन तथा जिला स्तर के अन्य पदाधिकारी भी सम्मिलित थे। हालांकि देखना होगा कि उनमें कितने चिकित्सा पदाधिकारियों का स्थानांतरण हो पाता है। बता दें कि पिछले वर्ष भी विभाग ने लंबे समय तक एक ही जगह पदस्थापित चिकित्सा पदाधिकारियों की सूची तैयार की थी, लेकिन जब स्थानांतरण की अधिसूचना जारी हुई तो उनमें अधिसंख्य के नाम गायब थे।