छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के भाटापारा में एक घर में गैस सिलेंडर फटने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से 10 साल का बच्चा और उसका पिता झुलस गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, भाटापारा के शक्ति वार्ड में एक घर में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर फट गया। इससे अफरा तफरी मच गई। ब्लास्ट की चपेट में आने से दस साल का बालक और पिता आ गए। पड़ोसियों और नगर पालिका की टीम आग पर काबू पा लिया है। बच्चे और पिता को इलाज के लिए सिविल हॉस्पिटल भाटापारा लाया गया है। 

भाटापारा शहर थाना प्रभारी अरूण साहू ने बताया कि सुबह नौ बजे सूचना मिली कि शक्ति वार्ड के राजा मसीह के घर में आग लगी है। तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक पड़ोसियों और नगर पालिका टीम आग बुझाने में जुटी थी। आग से झुलसे बच्चे और पिता को इलाज के हॉस्पिटल लाया गया है। घर में लगी आग के बाद सिलेंडर फटा है। आग लगने की वजह का खुलासा नहीं हुआ है। घटना के वक्त सभी सदस्य घर में मौजूद थे। पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।