राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। गत दिनों राजधानी व आसपास के जिलों में हुई बूंदाबांदी ने जहां सर्दी बढ़ा दी है वहीं 5 फरवरी को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, गिरिडीह व साहिबगंज में जबकि 6 फरवरी को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां में और निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी में कहीं कहीं बारिश होने की संभावना है।

वहीं 7 फरवरी को राजधानी समेत पूरे राज्य में सुबह कोहरा या धुंध और बाद में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। शनिवार को भी दोपहर धूप के बीच लोगों ने गुलाबी ठंड का लुत्फ उठाया। राजधानी समेत सभी जिलों में मौसम के तेवर में उतार चढ़ाव देखा जा रहा है।

जिससे अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मौसम विज्ञानी ने कहा कि अगले 2 से 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद धीरे धीरे 2 से 3 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

सबसे कम गोड्डा का तापमान  

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। दक्षिणी हिस्से में कोहरे के असर देखा गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी के मौसम की बात करें तो अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।