राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दिखाएंगे हरी झंडी, सीएम, प्रदेशाध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे


भोपाल । विधानसभा चुनाव की तारीखों लेकर उल्टी गिनती शुरु होने वाली है। इस बीच चुनाव अभियान की गति में तेजी लाने मध्य प्रदेश में भाजपा की जन अशीर्वाद यात्राओं की शुरुआत रविवार को सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मिचकुरिन मझगवां से होगी। तीन दिनों तक चलने वाली प्रथम चरण की इस यात्रा का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,भाजपा संगठन प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी मौजूद रहेंगे।
सतना जिले में जन आशीर्वाद यात्रा के प्रभारी एवं सांसद गणेश सिंह ने भाजपा कार्यालय में शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में यात्रा के शेड्यूल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण की यह यात्रा सतना जिले में 3 दिन रहेगी और सभी सात विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेगी। उन्होंने कहा कि यह बड़ी बात है कि प्रदेश में यात्राओं के शुभारम्भ के लिए सतना को चुना गया है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मिचकुरिन मझगवां में हरी झंडी दिखाएंगे। यहां एक सभा भी होगी। सभा को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम शिवराज सिंह चौहान, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा एवं गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा संबोधित करेंगे। यहां से आगे बढ़ते ही यात्रा की कमान गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा संभालेंगे। मझगवां बस स्टैंड में रथ सभा के बाद यात्रा चितहरा, बरहा, सेलहा, पिपरी टोला, पगार होते हुए बिरसिंहपुर पहुंचेगी। खांच सुजावल, मालमऊ होते हुए यात्रा रामपुर बाघेलान विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। रामपुर क्षेत्र के टर, अबेर, रजरवार, रेहुटा, गढ़वा गजिगवां होकर यात्रा सतना पहुंचेगी। जहां ओम रिसोर्ट में रात्रि विश्राम होगा। पहले दिन की यात्रा के लिए विधानसभा प्रभारी कार्तिकेय द्विवेदी एवं बाबूलाल सिंह होंगे जबकि दिवस प्रभारी जिला उपाध्यक्ष विजय तिवारी एवं विधायक विक्रम सिंह बनाए गए हैं। यात्रा का जिला संयोजक विनोद यादव एवं सह संयोजक उमेश प्रताप सिंह लाला को बनाया गया है।

दूसरे दिन की शुरुआत सतना से होगी
यात्रा की दूसरे दिन की यात्रा की शुरुआत 4 सितंबर को सुबह साढ़े 8 बजे कारगिल ढाबा से होगी। यात्रा शहर के सेमरिया चौक, सर्किट हाउस चौक और सिविल लाइन होते हुए सोहावल के रास्ते रैगांव विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। रैगांव के सितपुरा, डाम्हा ,कोलाड, बसुधा, कतकोन आदि गांवो से होते हुए यात्रा नागौद विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगी। श्याम नगर, कुलगढ़ी, पिथौराबाद होते हुए यात्रा उचेहरा पहुंचेगी जहां रोड शो भी होगा। द्वितीय दिवस की यात्रा की जिम्मेदारी धर्मेंद्र सिंह बराज, धर्मेंद्र सिंह बिसेन, विजय तिवारी, ऋषभ सिंह एवं विपिन चतुर्वेदी को सौंपी गई है।

तीसरे दिन की शुरुआत से
जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत 5 सितंबर को मैहर से होगी। सुबह साढ़े 9 बजे मैहर सर्किट हाउस से घण्टाघर तक रोड शो होगा और फिर खवार, पहाड़ी, तिलौरा, नरौरा, नादन, रिगरा, कंचनपुर होते हुए यात्रा दोपहर 12 बजे अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। जहां कंचनपुर मोड पर रोड शो भी होगा। लालपुर, बर्रेह एवं जमताल होते हुए यात्रा दोपहर 2 बजे बींदा मोड से रामपुर बाघेलान विधानसभा में पुन: पहुंचेगी। रामपुर में मंच सभा होगी और फिर यात्रा त्योंधरी, कृष्णगढ़ आदि गांवों से होते हुए पुन: अमरपाटन क्षेत्र में भ्रमण करेगी। यह यात्रा ताला, ललितपुर, जमुना, मुकंदपुर होते हुए बेला तक जाएगी। तीसरे दिन यात्रा का जिम्मा कमलेश सुहाने, श्रीकांत चतुर्वेदी, रमाशंकर मिश्रा, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री राम खेलावन पटेल, बाबूलाल सिंह पटेल,विधायक विक्रम सिंह को सौंपा गया है।