रांची। भाजपा ने 21 अप्रैल को रांची में प्रस्तावित आइएनडीआइए की रैली को भ्रष्टाचारियों का जुटान कहा है। प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि 21 अप्रैल को एक ही मंच पर भ्रष्टाचारी, सनातन विरोधी, टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग और परिवारवादी राजकुमार दिखेंगे।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि रैली का नाम उलगुलान रखना भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के अमर बलिदानियों का अपमान है। उलगुलान का आह्वान अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ हुआ था।

ऐसे भ्रष्टाचारी जुटान का नाम उलगुलान देकर इन्होंने पूरे देश के आदिवासियों का अपमान किया गया है। आगामी चुनाव में जनता इन देश विरोधियों के खिलाफ उलगुलान करेगी।

सीता सोरेन का नाम लेकर मोर्चा पर साधा निशाना

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि सोरेन परिवार के घर की बड़ी बहू सीता सोरेन ने भी अपने साथ परिवार के भीतर हुए अन्याय के खिलाफ उलगुलान का एलान किया है। विषम परिस्थितियों में उन्होंने बच्चियों को पाला-पोसा था। परिवार में उन्हें तिरस्कृत किया गया।

प्रतुल शाहदेव ने आगे कहा कि सीता सोरेन ने अपने आंदोलनकारी पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के रहस्यमयी मौत को साजिश बताते हुए जांच की मांग की। सरकार ने उसे ठंडे बस्ती में डाल दिया। इसपर झारखंड मुक्ति मोर्चा खामोश क्यों है।

लोबिन हेम्ब्रम के अभियान पर चुप्पी साधना उलगुलान

उन्होंने कहा कि लोबिन हेम्ब्रम द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ , स्थानीय नीति और 1932 की स्थानीय नीति को लागू करने के लिए किए गए उलगुलान पर भी चुप्पी साध ली है। उल्टे उन पर प्रश्न उठाने के लिए झामुमो के नेताओं द्वारा टारगेट किया जा रहा है।