झारखंड में मुख्‍यमंत्री चंपई सोरेन को आज विधानसभा में महागठबंधन सरकार के लिए विश्‍वास मत हासिल करना है। नई सरकार बनने के बाद सत्तारूढ़ दल के लिए अब फ्लोर टेस्‍ट पास करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।

इस दौरान प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना किसी से संपर्क किए 40 घंटे के लिए पूर्व मुख्‍यमंत्री के फरार रहने से झारखंड का पूरी दुनिया और देश के सामने अपमान हुआ है। 

झारखंड का पूरी दुनिया के सामने अपमान: भाजपा प्रवक्‍ता

उन्‍होंने कहा, विश्वास प्रस्ताव का नतीजा आज जो भी हो, लेकिन एक बात तो साफ है कि झारखंड हार गया है। जिस तरह से पूरी दुनिया के सामने झारखंड को शर्मिंदा होना पड़ा है यह बिल्कुल चौंकाने वाला है।

प्रदेश का मुख्‍यमंत्री किसी से कोई संपर्क किए बिना 40 घंटे के लिए भगौड़ा रहा। ऊपर से सीएम पर 70,000 करोड़ रुपये के भ्रष्‍टाचार का आरोप लगा। आखिरकार उन्‍हें अपना पद छोड़ना पड़ा और गिरफ्तार किया गया। 

दस बजे से NDA की बैठक

एनसीपी विधायक कमलेश कुमार सिंह ने फ्लोर टेस्‍ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, हमारी पार्टी NDA के साथ है। पार्टी की दस बजे से बैठक है और इसमें NDA का जो भी निर्णय होगा, उसे हम पूरी मजबूती के साथ लागू करेंगे। झारखंड की वर्तमान स्थिति पहले से बहुत खराब है। हालांकि, वक्‍त अभी भी है कि आने वाले समय में अच्‍छा काम हो। 

आज से शुरू हो रहा दो दिवसीय विधानसभा सत्र

गौरतलब है कि दो दिवसीय विधानसभा का सत्र सोमवार यानी कि आज से शुरू हो रहा है। इस दौरान झारखंड में नव निर्वाचित मुख्‍यमंत्री चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार विश्वास मत हासिल करेगी।

81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पास 29 सीटें, उसकी सहयोगी कांग्रेस के पास 17 और राजद और सीपीआई (एमएल) के पास 1 सीट है। चंपई सोरेन के पास इनमें से 43 विधायकों का समर्थन है।

विधानसभा पहुंचने लगे हैं विधायक

सत्र शुरू होने से पहले विधायकों के सदन में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस दौरान भाजपा विधायकों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष अपनी भूमिका निभाएगा। पार्टी के निर्देशानुसार हम लोग काम करेंगे।इतना ही नहीं, भाजपा विधायकों ने यह भी कहा कि सरकार की गलत नीति के खिलाफ हम हमेशा मुखर रहे हैं। सेंधमारी होगी के सवाल पर कहा कि बीजेपी ने न कभी सेंधमारी की है न करेगा।   

3 फरवरी को चंपई सोरेन ने ली थी सीएम पद की शपथ

रांची में कथित भूमि घोटाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी के नेता चंपई सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में 3 फरवरी को राजभवन में शपथ ली थी। 

झारखंड विधानसभा के आगामी विशेष सत्र को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने विधानसभा भवन के 100 मीटर के दायरे में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी है। एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, सोमवार सुबह 8:00 बजे से मंगलवार रात 10:00 बजे तक प्रतिबंध लगाए जाएंगे।