आगरा। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 में जीत के लिए भाजपा ने प्लान तैयार कर लिया है। इसके लिए हर मतदाता तक कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। बुधवार को भाजपा की सांगठनिक रणनीति के आगे विपक्षी दलों की एक नहीं चल रही है। लोकसभा चुनाव के प्रचार की रणनीति ही है कि प्रधानमंत्री खुद नमो एप पर पार्टी के पार्षद से बातचीत कर रहे हैं। पार्टी के शक्ति केंद्र प्रमुख, बिल्डिंग इंचार्ज से लेकर पन्ना प्रमुखों तक को दायित्व सौंप दिए गए हैं। इससे जहां अन्य दल प्रचार के लिए रणनीति बना रहे हैं वहीं भाजपा कार्यकर्ता मतदाताओं के संपर्क में बने हुए हैं।
इस वक्त पार्टी संगठन का फोकस पन्ना प्रमुखों पर है। हर वार्ड में 170-200 तक पन्ना प्रमुख हैं। एक पन्ना प्रमुख के पास 60 मतदाताओं के नाम, पते और उनकी जानकारी है। इन पन्ना प्रमुखों पर हर मतदाता के पास 4-5 बार जाकर उनका वोट डलवाने का जिम्मा है। अब पार्टी जल्द ही वार्डवार इन पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन करके उनके अब तक के कार्यों का ब्योरा लेगी।
इसके लिए भी जनप्रतिनिधियों से लेकर संगठन के पदाधिकारियों तक को जिम्मेदारी दी गई है। वह समय-समय पर इन वार्ड अध्यक्षों से संपर्क करके जानकारी लेते हैं। इसके पहले केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घर-घर पहुंचकर संपर्क बनाते हैं। पार्टी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में नमो एप से जोड़ा गया है। इस एप से जुड़े मतदाताओं से भी पार्टी के लिए समर्थन मांगा जा रहा है। इसके माध्यम से पार्टी की नीतियों और रीतियों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। कोशिश यही है कि हर कार्यकर्ता तक पदाधिकारी की पहुंच हो। इन कार्यकर्ताओं को उनके दायित्व का अहसास दिलाने के लिए प्रधानमंत्री ने बुधवार को आगरा की एक पार्षद से सीधी बातचीत की। इसी तरह मुख्यमंत्री भी वार्ड अध्यक्ष से लेकर बूथ अध्यक्ष तक से बात कर सकते हैं। यहां तक कि प्रत्याशी को किस क्षेत्र में प्रचार करने पहुंचना है। वह वार्ड अध्यक्ष को बताकर ही पहुंचेगा। इधर एमएलसी एवं प्रदेश संगठन मंत्री विजय शिवहरे ने बताया कि हरेक कार्यकर्ता हमारी पार्टी का नेता है। वार्ड, पार्षद, बूथ अध्यक्ष और पन्ना प्रमुखों को दायित्व दिए गए हैं। हमारा प्रचार निरंतर जारी है। हर कार्यकर्ता अपना काम खामोशी से कर रहा है और यही भाजपा संगठन की खूबी है।