बिहार में लू कहर बरपा रही है। लू लगने से मौत का क्रम शुरू हो गया है। बीते 24 घंटे में रोहतास में दो सैप जवानों, पटना में नगर निगम सुपरवाइजर समेत भोजपुर, नालंदा, गया और जमुई जिले में 11 लोगों की मौत हो गई।

आरा में एक युवक और बुजुर्ग रास्ते में मृत पड़े मिले। उनकी पहचान गुरुवार की देर शाम तक नहीं हो सकी। एक महिला और एक बजुर्ग ट्रेन में यात्रा के दौरान लू की चपेट में आए। बाद में अस्पताल जाने के क्रम में मौत हो गई।

औरंगाबाद सदर अस्पताल में गुरुवार को लू लगने से बीमार पड़े 28 लोग उपचार के लिए आए। इनमें सात लोगों की गंभीर स्थिति देख भर्ती कर लिया गया। इधर, लू को लेकर पांच जिलों में चेतावनी जारी की गई है।

इधर, 36 वर्षीय संतोष कुमार की मृत्यु गुरुवार को लू लगने से हो गई। वे डाकबंगला चौराहे के पास सफाई कार्य करा रहे थे, अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। उन्हें सहयोगियों ने मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया, कुछ देर बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

सासाराम सिविल कोर्ट परिसर की सुरक्षा में तैनात दो सैप जवानों की गुरुवार को एक-एक कर मृत्यु हो गई। गेट तीन पर तैनात सैप जवान गौरी प्रसाद नवादा जिले के मूल निवासी थे।

वहीं, कोर्ट परिसर में तैनात यमुना प्रसाद यादव (56) आरा के निवासी थे। सिविल सर्जन डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि भीषण गर्मी और लू के कारण सैप जवानों की मौत हुई है।

झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत हैदरनगर जा रहे रोहतास के करगहर बाजार निवासी 75 वर्षीय श्रीराम सेठ की भी लू लगने से मौत हो गई। वे बुधवार को पोते के साथ ट्रेन से बेटी की ससुराल जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई।

इसके अलावा किउल- झाझा रेलखंड पर बलिया-सियालदह डाउन एक्सप्रेस में एक महिला यात्री की लू लगने से मौत हो गई। झाझा रेलवे स्टेशन पर इलाज के लिए उन्हें उतारा गया, लेकिन जान नहीं बच पाई। पहचान सहरसा के पल्ली डुमर गांव निवासी विनोद शर्मा की पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई।

भोजपुर के सिकरहटा थाना के चकिया गांव स्थित नहर के समीप लू लगने से शांति देवी की मौत हो गई। आरा टाउन थाना क्षेत्र के पुरानी पुलिस लाइन रोड में महिला थाना के सामने 35 वर्षीय युवक और दौलतपुर गांव स्थित पेड़ के नीचे 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला।

आरा के भलुहीपुर में लू लगने से मो. सफी अहमद के 40 वर्षीय पुत्र मो रिजवान की मौत हो गई। नालंदा के अंबा गांव में गुरुवार को लू लगने से अधेड़ पंप पाल सिंह की मौत हो गई। गया के कोंच में लू लगने के बाद भर्ती भोला प्रसाद (60) की मृत्यु हो गई।